नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। शनिवार को हिंडनबर्ग रिसर्च के द्वारा जारी किए गए रिपोर्ट को लेकर राजनीति गर्मा गई है। राहुल गांधी और कांग्रेस के द्वारा सेबी की चेयरमैन पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। जिसको लेकर अब बीजेपी भी मैदान में आ गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) के द्वारा भारत के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। बीजेपी ने कहा कि इस दुष्प्रचार का कर्ता-धर्ता अमेरिकी निवेशक जॉर्ज सोरोस (George Soros) है। क्योंकि जॉर्ज सोरोस (George Soros) ही हिंडनबर्ग रिसर्च के सबसे बड़े इन्वेस्टर हैं।
हिंडनबर्ग के पीछे हैं जॉर्ज सोरोस
इस संबंध में बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि हम इस रिपोर्ट को लेकर कुछ पूछना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) में आपको पता है कि किसका निवेश है? क्या आपको पता है कि जॉर्ज सोरोस, हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) के सबसे बड़े इन्वेस्टर हैं। जो लगातार भारत के खिलाफ प्रोपेगैंडा चला रहे हैं। रवि शंकर प्रसाद ने इस दौरान कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपने नफरत के रोग के चलते आज भारत के ही खिलाफ नफरत फैलाना शुरू कर दी है।
देश में आर्थिक अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं विदेशी शक्तियां
रवि शंकर प्रसाद ने आगे कहा कि देश में आर्थिक अराजकता और आर्थिक अस्थिरता को फैलाने के लिए हिंडनबर्ग एक बार फिर वहीं पुराना गेम खेल रही है। यह रिपोर्ट शनिवार को इसलिए रिलीज किया गया क्योंकि रविवार को हल्ला मचता है। ताकि सोमवार को पूरे कैपिटल मार्केट को अस्थिर किया जा सके। बीजेपी सांसद ने कहा कि इस रिपोर्ट को जारी करने के बैकग्राउंड को समझना जरूरी है। भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। दुनिया की सभी बड़ी क्रेडिट रेटिंग एजेंसियां भारत की ग्रोथ रेट की तारीफ कर रही हैं।
कांग्रेस टूलकिट पॉलिटिक्स खेल रही है
रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि भारत के स्टॉक मार्केट में उथल-पुथल मचाने के लिए ये रिपोर्ट जारी की गई है। ताकि भारतीय स्टॉक मार्केट में उथल-पुथल होने पर छोटे निवेशकों को परेशानी हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी है, लेकिन ये एक टूलकिट पॉलिटिक्स है। कांग्रेस के द्वारा इस समय जो किया जा रहा है वो एक चीट पॉलिटिक्स है। कांग्रेस छोटे निवेशकों के पैसे बर्बाद करना चाहती है ताकि भारत में कोई आर्थिक निवेश ना हो।
कौन हैं जॉर्ज सोरोस ?
जॉर्ज सोरोस अमेरिका के सबसे बड़े हेज फंड मैनेजर और कारोबारियों में से एक हैं। हालांकि उनके कार्यकलापों से विवाद होते रहे हैं। वो एक सटोरिये, कारोबारी और निवेशक हैं, लेकिन वो अपने आपको दार्शनिक और सामाजिक कार्यकर्ता कहलाना पसंद करते हैं। उनपर कई देशों की राजनीति को प्रभावित करने के लिए एजेंडा चलाने का आरोप लग चुका है। उन्होंने कई देशों में चुनावों को प्रभावित करने के लिए भारी-भरकम फंडिंग की है। यूरोप और अरब के कई देश जॉर्ज सोरोस की संस्थाओं पर जुर्माना व पाबंदी लगा चुके हैं। अभी हाल ही में नरेंद्र मोदी सरकार को गिराने के लिए पैसों की पेशकश कर वो भारत में भी चर्चा में आ गए थे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in





