नई दिल्ली, रफ्तार। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) जल्द यूपीआई (UPI) यूजरों के लिए क्रेडिट लाइन (Credit Line) सुविधा शुरू करेगा। इससे यूपीआई (UPI) इस्तेमाल करने वालों को कई फायदे होंगे। यह सुविधा शुरू होने से आपका यूपीआई खाता (UPI Account) क्रेडिट कार्ड (Credit Card) की तरह काम करेगा। इससे आप बैंक अकाउंट में पैसा नहीं होने पर भी आराम से भुगतान कर सकेंगे। दरअसल, यूपीआई (UPI) पर क्रेडिट लाइन और कुछ नहीं, बल्कि बैंक अकाउंट का उपयोग करने वाले ग्राहक के लिए यह पूर्व-स्वीकृत (Pre-Approved) लोन जैसा है। यह बैंक खाता ग्राहकों के यूपीआई अकाउंट से लिंक होता है।
CIBIL Score के हिसाब से क्रेडिट लाइन
भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने कहा है कि प्रत्येक ग्राहक को उसके सिबिल स्कोर (CIBIL Score ) के मुताबिक क्रेडिट लाइन दी जाएगी। इस क्रेडिट का इस्तेमाल केवल व्यापारी के पास हो सकेगा। वैसे, इसके बदले बैंक निश्चित ब्याज भी वसूलेंगे। निगम के प्रस्ताव पर आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, पीएनबी, इंडियन बैंक और एक्सिस बैंक सहमति जता चुके हैं।
कैसे करेगा काम?
इस सुविधा का लाभ ग्राहकों के साथ दुकानदारों को भी मिलेगा। अभी क्रेडिट कार्ड (Credit Card) से 2 हजार रुपए से ऊपर का भुगतान करने पर दुकानदारों को दो प्रतिशत चार्ज देना होता है। यूपीआई (UPI) में क्रेडिट लाइन मिलने के बाद चार्ज नहीं देने पड़ेंगे। यह अलग बात है कि क्रेडिट कार्ड (Credit Card) में निश्चित अवधि तक ब्याज नहीं देना पड़ता, लेकिन यूपीआई (UPI) की क्रेडिट लाइन में इस्तेमाल की गई राशि पर ब्याज देना होगा। यानी यह ओवरड्राफ्ट की तरह काम करेगा।
1.2% इंटरचेंज का प्लान
हर लेन-देन पर व्यापारी क्रेडिट जारीकर्ता को कमीशन देता है, वह इंटरचेंज होता है। मर्चेंट डिस्काउंट रेट का यह 90% शेयर है। लेन-देन को और सुविधाजनक बनाने को व्यापारी बैंकों को यह शुल्क देते हैं। निगम जल्द यूपीआई क्रेडिट लाइन के लिए 1.2% इंटरचेंज का ऐलान कर सकता है। इस संबंध में जल्द सर्कुलर जारी किया जा सकता है। यूपीआई एप से कमाई में हिस्से को लेकर बातचीत चल रही है। थर्ड पार्टी एप (TPAP) जैसे पेटीएम, फोनपे, गूगल पे को हर लेन-देन के लिए कमीशन दिया जा सकता है।
कतर में भी सर्विस शुरू करने की तैयारी
NPCI ने कतर में क्यूआर कोड आधारित यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) भुगतान शुरू करने के लिए क्यूएनबी से करार किया है। NPCI ने कहा और अफ्रीका के वित्तीय संस्थान क्यूएनबी से UPI भुगतान के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। यह साझेदारी भारतीयों को खुदरा स्टोर, पर्यटक आकर्षण, हॉलीडे डेस्टीनेशन, शुल्क-मुक्त दुकानों, होटलों में यूपीआई पेमेंट का का विकल्प देगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in




