नई दिल्ली, रफ्तार। भारतीय डाक घर में ग्राहकों के लिए तमाम स्मॉल सेविंग्स स्कीम हैं। कुछ परिवार को मुश्किल समय में लाभ पहुंचाने वाली योजनाएं हैं। ऐसी ही जन सुरक्षा योजना भी है। इसके अंतर्गत 3 योजनाएं शामिल हैं। आप जन सुरक्षा योजना के तहत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में निवेश कर सकते हैं। अपनी कमाई में से छोटा-सा निवेश कर आप खुद के लिए और परिवार के लिए बड़ी मदद का इंतजाम कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की डिटेल्स
यह योजना एक टर्म इंश्योरेंस प्लान है। आपके न होने पर यह योजना आपके आश्रितों को वित्तीय मदद पहुंचाती है। इस योजना के तहत बीमाधारक के निधन की स्थिति में उसके परिवार को 2 लाख तक की मदद दी जाती है। अगर आप इस योजना का फायदा उठाना चाहते हैं तो सालाना केवल 436 रुपए देकर इस प्लान को खरीद सकते हैं। 436/12=36.3 यानी हर महीने करीब 36 रुपए भी बचा लें तो आराम से इसका सालाना प्रीमियम दे सकते हैं। इस इंश्योरेंस प्लान को 18 से 50 साल तक का कोई भी व्यक्ति खरीद सकता है।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना को जानें
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना खासकर उनको फायदा देती है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। साल 2015 में शुरू हुई Suraksha Bima Yojana में दुर्घटना में 2 लाख तक का बीमा कवर दिया जाता है। इस योजना के लिए सालाना प्रीमियम सिर्फ 20 रुपए है। ये ऐसी रकम है, जिसे गरीब लोग भी आसानी से चुका सकते हैं। दुर्घटना के दौरान बीमित व्यक्ति की मौत होने पर बीमा की राशि उसके नॉमिनी को दी जाती है। अगर, पॉलिसी होल्डर दिव्यांग हो जाता है तो उसे 1 लाख रुपए की मदद मिलती है। इस योजना का लाभ 18 से 70 तक की उम्र में उठाया जा सकता है। लाभार्थी की आयु 70 वर्ष या इससे ज्यादा है तो प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना को टर्मिनेट कर दिया जाएगा।
अटल पेंशन योजना का क्या लाभ?
अपने बुढ़ापे के लिए रेगुलर इनकम का इंतजाम करना चाहते हैं तो सरकार की अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana- APY) में निवेश करें। भारत सरकार की इस स्कीम के जरिए 5,000 रुपए तक की मासिक पेंशन मिल सकती है। वैसे, आपको कितनी पेंशन मिलेगी, ये आपके निवेश पर निर्भर है। कोई भी इंसान जो टैक्सपेयर नहीं है और उम्र 18 से 40 साल तक की है, वह सरकार की इस स्कीम में कॉन्ट्रीब्यूट कर सकता है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





