नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । सितंबर का महीना खत्म होते ही अक्टूबर 2025 की शुरुआत कई महत्वपूर्ण बदलावों के साथ हुई है। महीने के पहले ही दिन आज यानी 1 अक्टूबर से कुछ अहम नियम लागू हो चुके हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों के खर्च और जीवनशैली पर पड़ने वाला है। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर जहां ऑयल कंपनियों ने उपभोक्ताओं को झटका दिया है, वहीं UPI पेमेंट से जुड़ा एक नया नियम भी लागू हो गया है। इसके अलावा रेल टिकट बुकिंग प्रक्रिया में भी बदलाव किए गए हैं। ऐसे में हर घर और हर जेब पर इन नए नियमों का असर महसूस किया जाएगा। आइए नजर डालते हैं उन 5 बड़े बदलावों पर जो आज से लागू हो चुके हैं।
पहला बदलाव : एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी
1 अक्टूबर से लागू हुए बदलावों में सबसे अधिक ध्यान एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर रहा है, क्योंकि यह सीधे घरेलू बजट को प्रभावित करता है। पिछले कुछ महीनों में तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती की थी, लेकिन अब अक्टूबर के पहले दिन से इनकी कीमतों में फिर से बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली से मुंबई तक कई शहरों में 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमतें बढ़ी हैं।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 15 रुपये बढ़कर अब 1595 रुपये हो गई है, जो पहले 1580 रुपये थी। कोलकाता में यह बढ़कर 1700 रुपये हो गई है, जबकि मुंबई में 1531 रुपये के मुकाबले अब 1547 रुपये का सिलेंडर मिलेगा। चेन्नई में भी कीमत 1738 रुपये से बढ़कर 1754 रुपये हो गई है। वहीं, घरेलू उपयोग के लिए 14 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दूसरा बदलाव : हवाई सफर महंगा होने की संभावना
अक्टूबर के पहले दिन हवाई यात्रा से जुड़ा दूसरा बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सितंबर महीने में विमान ईंधन की कीमतों में कटौती के बाद अब फेस्टिव सीजन के चलते एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में फिर से भारी बढ़ोतरी हुई है। 1 अक्टूबर 2025 से दिल्ली में ATF की कीमत 90,713.52 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़कर 93,766.02 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।
कोलकाता में यह कीमत 93,886.18 रुपये से बढ़कर 96,816.58 रुपये, मुंबई में 84,832.83 रुपये से बढ़कर 87,714.39 रुपये, जबकि चेन्नई में 94,151.96 रुपये से बढ़कर 97,302.14 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। एयर टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में इस बढ़ोतरी से एयरलाइंस की परिचालन लागत में इजाफा होगा, जिससे उड़ानों के टिकट महंगे होने की संभावना बढ़ जाती है।
तीसरा बदलाव : ऑनलाइन रेल टिकट बुकिंग में आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य
रेल यात्रियों के लिए तीसरा बड़ा बदलाव आज से लागू हो गया है। इंडियन रेलवे ने टिकट बुकिंग में धोखाधड़ी रोकने के लिए नियमों में बदलाव किया है, जिसके तहत रिजर्वेशन खुलने के बाद पहले 15 मिनट के भीतर केवल वही यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका आधार वेरिफिकेशन हो चुका है। यह नियम IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर लागू होगा। फिलहाल यह प्रावधान केवल तत्काल बुकिंग के लिए है। वहीं, कंप्यूटरीकृत PRS काउंटर से टिकट खरीदने वाले यात्रियों के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है।
चौथा बदलाव : UPI से हटाया गया P2P कलेक्ट फीचर
UPI यूजर्स के लिए अक्टूबर की शुरुआत एक अहम बदलाव के साथ हुई है। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा 29 जुलाई को जारी सर्कुलर के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2025 से P2P (Peer to Peer) कलेक्ट ट्रांजैक्शन फीचर को UPI ऐप्स से हटा दिया गया है। NPCI के अनुसार, यह बदलाव डिजिटल लेन-देन को अधिक सुरक्षित बनाने और फाइनेंशियल फ्रॉड की घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से किया गया है। P2P कलेक्ट फीचर उन यूजर्स को प्रभावित करेगा जो दूसरे व्यक्ति से पेमेंट रिक्वेस्ट करने के लिए इस विकल्प का इस्तेमाल करते थे। अब यह सुविधा UPI प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं होगी, जिससे ट्रांजैक्शन का तरीका थोड़ा बदलेगा लेकिन सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ेगी।
पांचवां बदलाव : अक्टूबर में बैंकों में छुट्टियों की भरमार
अक्टूबर 2025 में त्योहारों का सिलसिला शुरू हो चुका है और इसी के साथ बैंक अवकाशों की संख्या भी बढ़ गई है। अगर इस महीने आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो घर से निकलने से पहले भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी अक्टूबर बैंक हॉलिडे लिस्ट जरूर देख लें, वरना बैंक पहुंचने पर बंद शाखा का सामना करना पड़ सकता है।
महीने की शुरुआत दुर्गा पूजा की छुट्टी से होगी और इसके बाद महात्मा गांधी जयंती, दशहरा, लक्ष्मी पूजा, महार्षि वाल्मीकि जयंती, करवा चौथ, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पूजा जैसे त्योहारों के कारण बैंकों में कुल 21 दिन अवकाश रहेगा। इसमें दूसरे और चौथे शनिवार, साथ ही हर रविवार के साप्ताहिक अवकाश भी शामिल हैं। हालांकि यह ध्यान देना जरूरी है कि बैंक हॉलिडे की ये तारीखें राज्य और शहर के हिसाब से अलग-अलग हो सकती हैं। इसलिए स्थानीय छुट्टियों की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें।




