नई दिल्ली, रफ्तार। सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से लोन लेना आज से महंगा हो गया। बैंक ने चुनिंदा टेन्योर पर मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड-बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) में 10 बेसिस प्वाइंट्स (BPS) तक इजाफा किया है। एसबीआई के अनुसार रिवाइज रेट्स 15 जुलाई 2024 यानी आज से प्रभावी हैं। इससे पहले बैंक ने जून में चुनिंदा टेन्योर पर ऋण दरों (MCLR) में 10 बीपीएस की वृद्धि की थी। इससे होम लोन, कार लोन समेत सभी तरह के लोन महंगे हुए हैं।
3 साल की MCLR को बढ़ाकर 9 प्रतिशत किया गया
एक महीने की एमसीएलआर बेंचमार्क दर 5 आधार अंकों से बढ़कर 8.35% हो गई है। तीन महीने की एमसीएलआर बेंचमार्क दर 10 आधार अंकों से बढ़कर 8.40% हुई। बैंक ने छह महीने, एक साल और दो साल की अवधि के लिए एमसीएलआर दरों में 10 आधार अंकों का इजाफा किया है। इससे वे क्रमशः 8.75%, 8.85% और 8.95% हो गए। तीन साल की एमसीएलआर को 5 आधार अंकों से बढ़ाकर 9% किया गया है।
क्या है एमसीएलआर?
मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) न्यूनतम लेंडिंग रेट है। इसके नीचे बैंक को लोन देने की इजाजत नहीं होती है। लोन लेने वालों को हाई इंटरेस्ट रेट में किसी कमी के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि RBI ने हालिया बैठक में रेपो दर को 6.5% पर ही रखने का फैसला किया है। यह लगातार नौवीं बैठक थी, जिसमें केंद्रीय बैंक ने मौजूदा दर को कायम रखा है। विशेषज्ञ अगली बैठक में दरों में कटौती की उम्मीद नहीं कर रहे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





