नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अरबपति रितेश अग्रवाल की ग्लोबल ट्रैवल टेक कंपनी OYO एक बार फिर IPO लाने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी इसी साल नवंबर 2025 में मार्केट रेग्युलेटर SEBI के पास ड्राफ्ट रेड हियरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है।
7-8 अरब डॉलर वैल्यूएशन का लक्ष्य
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, OYO अपने आगामी IPO के लिए 7-8 अरब डॉलर की वैल्यूएशन टारगेट कर रही है। कंपनी अगले हफ्ते बोर्ड मीटिंग में इस प्रस्ताव पर चर्चा कर सकती है। ओयो के प्रवक्ता ने कहा, “हम IPO की टाइमलाइन को लेकर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते, क्योंकि यह फैसला OYO के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ही लेंगे।” फिलहाल कंपनी अपने निवेशकों और हितधारकों के लिए अलग-अलग रणनीतिक विकल्पों पर विचार कर रही है।
पहले भी हो चुकी हैं कोशिशें
साल 2021 में OYO ने 8,430 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने के लिए DRHP फाइल किया था, लेकिन कोविड-19 और बाजार की स्थिति को देखते हुए दस्तावेज वापस ले लिए। साल 2023 में भी IPO की कोशिश हुई, लेकिन उस बार भी डॉक्युमेंट्स वापस ले लिए गए।
सबसे बड़ा निवेशक सॉफ्टबैंक
OYO में सबसे बड़ी हिस्सेदारी जापान की कंपनी सॉफ्टबैंक की है, जिसके पास करीब 40% शेयर हैं। वहीं, फाउंडर रितेश अग्रवाल के पास 30% हिस्सेदारी है।
नई पहचान और ऐप की तैयारी
कंपनी न सिर्फ IPO बल्कि अपनी ब्रांडिंग पर भी काम कर रही है। OYO अपने प्रीमियम होटलों और मिड-मार्केट प्रीमियम सर्विस होटलों के लिए अलग ऐप लाने की तैयारी कर रही है। रितेश अग्रवाल ने हाल ही में अपनी मूल इकाई Oravel Stays Ltd. के लिए नए नाम के सुझाव भी मांगे हैं। इस खबर का मतलब साफ है कि OYO एक बार फिर से बाज़ार में IPO के जरिए उतरने की तैयारी कर रही है, लेकिन अंतिम निर्णय इसके बोर्ड की मीटिंग में ही होगा।





