नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश में घर खरीदने का सपना देखने वाले लाखों लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार GST प्रणाली को आसान और ग्राहकों के अनुकूल बनाने जा रही है। इस बदलाव के चलते रियल एस्टेट सेक्टर में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। खास बात यह है कि इससे मिडिल क्लास को 1.5 लाख से 7.5 लाख रुपये तक की बचत होने की उम्मीद है।
सरकार का यह कदम आने वाले त्योहारों के सीजन में आवास की मांग को और तेज कर सकता है, जिससे लोगों का घर का सपना अब और सस्ता हो जाएगा।
क्या है GST 2.0?
सरकार मौजूदा चार टैक्स स्लैब 5%, 12%, 18% और 28% को घटाकर सिर्फ दो दरों 5% और 18% में समाहित करने की योजना बना रही है। वहीं, तंबाकू और लग्जरी सामान पर 40% तक का टैक्स अलग से लगाया जाएगा।इस प्रस्ताव को 3 और 4 सितंबर को होने वाली GST काउंसिल की बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है।
रियल एस्टेट सेक्टर को क्यों होगा फायदा?
घर बनाने में जिन सामानों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है, जैसे सीमेंट, स्टील, पेंट और टाइल्स, उन पर फिलहाल बहुत ज्यादा GST लगता है। जो कुछ इस प्रकार है1
सामग्री मौजूदा GST
सीमेंट 28%
पेंट 28%
टाइल्स 18%
स्टील 18%
ITC न मिलने से बढ़ी थी कीमतें
2019 से सरकार ने डेवलपर्स को इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) देने पर रोक लगा दी थी। इसके कारण बिल्डरों को कच्चे माल पर जो टैक्स देना पड़ता है, वो सीधे मकान की कीमत में जुड़ जाता है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी फ्लैट की कीमत ₹25 लाख है, तो उस पर 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त टैक्स बोझ पड़ सकता है।GST 2.0 लागू होने के बाद इस बोझ में कमी आएगी।
कौन-कौन से घरों पर लगता है कितना टैक्स?
45 लाख रुपये तक के अफोर्डेबल घरों पर – 1% GST
45 लाख से ऊपर के अंडर-कंस्ट्रक्शन फ्लैट पर – 5% GST
रेडी-टू-मूव फ्लैट पर – कोई GST नहीं
मिडिल क्लास के लिए क्यों फायदेमंद?
सरकार के इस नए प्रस्ताव से सबसे ज्यादा फायदा मध्यम वर्ग और नए घर खरीदने वालों को होगा। निर्माण सामग्री सस्ती होगी, तो बिल्डरों की लागत घटेगी और ग्राहक को मिलेगा सस्ता घर। विशेषज्ञों का मानना है कि एक मध्यमवर्गीय परिवार को घर खरीदने पर 1.5 लाख से 7.5 लाख रुपये तक की राहत मिल सकती है।
कहां और कब होगा फैसला?
GST 2.0 का प्रस्ताव नई दिल्ली में 3-4 सितंबर 2025 को होने वाली GST काउंसिल की बैठक में रखा जाएगा। मंजूरी मिलते ही ये बदलाव लागू हो सकते हैं।अगर आप भी घर खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। आने वाले समय में घरों की कीमतें घट सकती हैं और मिडिल क्लास का सपना होगा साकार। सरकार के इस फैसले से रियल एस्टेट सेक्टर को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। अब घर खरीदी का सपना होगा पूरा, और जेब पर भी नहीं पड़ेगा ज्यादा बोझ।





