नई दिल्ली, रफ्तार। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज को वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में 313 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 332 करोड़ रुपए के मुनाफे से 6 फीसदी कम है। कंपनी के अनुसार ऑपरेशंस से कंपनी को 418 करोड़ रुपए की आय हुई है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही से 0.8 फीसदी अधिक है। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 414 करोड़ रुपए आय हुई थी।
5 लाख बार जियो फाइनेंस एप डाउनलोड हुआ
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही के बारे में बताया कि जियोफाइनेंस एप का बीटा लॉन्च हो गया है। एयरफाइबर डिवाइज के लीजिंग बिजनेस शुरू हो चुका है। म्यूचुअल फंड्स में निवेश के बदले लोन देने की शुरुआत जुलाई 2024 से की गई है। साथ ही ऑटो और टू व्हीलर डिजिटल इंश्योरेंस भी लॉन्च किया गया है। एक मिलियन से अधिक करंट एवं सेविंग अकाउंट (CASA) ग्राहक हो गए हैं। अब तक 0.5 मिलियन यानी 5 लाख जियो फाइनेंस एप डाउनलोड किया गया है।
प्रॉपर्टी के बदले देंगे लोन
कंपनी के अनुसार आरबीआई से कोर इंवेस्टमेंट कंपनी के रूप में ऑपरेट करने की 11 जुलाई 2024 को मंजूरी मिली है। इस जुलाई में होम लोन का बीटा लॉन्च किया जा रहा है। उसमें आगामी दिनों में प्रॉपर्टी के बदले लोन से लेकर सिक्योरिटीज के बदले में भी लोन दिया जाएगा।
शेयर होल्डरों को 53 फीसदी रिटर्न
बता दें, जुलाई 2023 में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज को रिलायंस इंडस्ट्रीज से अलग कर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट कराया गया था। 21 अगस्त 2023 को जियो फाइनेंशियल की बीएसई-एनएसई पर लिस्टिंग हुई थी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों को एक शेयर के बदले एक जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का स्टॉक मिला था। 11 महीनें में इस स्टॉक ने निवेशकों को जोरदार रिटर्न दिया है। 2024 में स्टॉक ने शेयर होल्डरों को करीब 53 फीसदी रिटर्न दिया है। 15 जुलाई 2024 को बाजार बंद होने पर यह स्टॉक 1.44 फीसदी के उछाल के साथ 355.40 रुपए पर बंद हुआ था। कंपनी का मार्केट वैल्यू 2.26 लाख करोड़ रुपए है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in




