back to top
25.1 C
New Delhi
Monday, March 2, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

GST में बड़ी छूट का असर, आज से गाड़ियां सस्ती, बाइक 55,000 और कार 3.5 लाख से शुरू

आज से पूरे देश में जीएसटी दरों में की गई कटौती लागू हो गई है। नए गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) स्ट्रक्चर का कार और बाइक की कीमतों पर साफ असर दिख रहा है।

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क । आज से देशभर में नया गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) ढांचा लागू हो गया है, जिसका सबसे बड़ा असर ऑटोमोबाइल सेक्टर पर देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले से इस नए जीएसटी रिफॉर्म की घोषणा की थी। नए टैक्स सिस्टम के तहत अब केवल दो टैक्स स्लैब 5% और 18% लागू होंगे। वहीं, लग्‍जरी और सिन गुड्स पर अब 40% का उच्चतम टैक्स लगाया गया है।

इस बदलाव का सीधा फायदा गाड़ी खरीदने की सोच रहे लोगों को मिल रहा है। प्रमुख वाहन कंपनियों जैसे मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, हुंडई, हीरो मोटोकॉर्प, होंडा और रॉयल एनफील्ड ने अपने वाहनों की नई कीमतों की घोषणा कर दी है। अब बाजार में बाइक्स की शुरुआती कीमत 55,000 रुपये और कारों की शुरुआती कीमत 3.50 लाख रुपये तक आ गई है। इससे साफ है कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में बिक्री में उछाल की पूरी संभावना है।

GST बचत उत्सव की शुरुआत

नए जीएसटी स्ट्रक्चर के लागू होने से ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे एक ऐतिहासिक आर्थिक सुधार करार दिया। उन्होंने देश के नाम अपने संदेश में कहा कि इस जीएसटी बचत उत्सव में आपकी बचत बढ़ेगी और आप अपनी पसंद की चीजों को पहले से कहीं ज्यादा आसानी से खरीद सकेंगे। इस जीएसटी सुधार का लाभ आम लोगों को सीधे तौर पर मिलेगा और देश का बाजार फिर से गुलजार होगा।

छोटी और लग्‍जरी कारों पर टैक्स में बड़ी कटौती

नए नियमों के तहत अब 4 मीटर से कम लंबाई वाली पेट्रोल कारें, जिनमें 1,200 सीसी से कम का इंजन हो और 1,500 सीसी से कम डीजल इंजन वाली कारों पर सिर्फ 18% जीएसटी लगेगा। पहले इन कारों पर 28% जीएसटी लिया जाता था। वहीं, लग्‍जरी कारों के लिए अब केवल 40% जीएसटी दर तय की गई है। इन पर अब कोई सेस (Cess) नहीं लगेगा। पहले लग्‍जरी कारों पर 28% जीएसटी के साथ-साथ 22% सेस भी लगता था, जिससे कुल टैक्स करीब 50% तक पहुंच जाता था। तो आइए देखें, कुछ प्रमुख कार कंपनियों ने अपने वाहनों की कीमतों में कितनी कटौती की है।

मारुति सुजुकी 

मारुति सुजुकी ने नए जीएसटी रिफॉर्म का लाभ सीधे ग्राहकों को देने का ऐलान किया है। कंपनी की सबसे सस्ती कार अब S-Presso बन गई है, जिसकी शुरुआती कीमत 3,49,900 रुपये तय की गई है। मारुति सुजुकी ने अपने विभिन्न मॉडलों की कीमतों में अधिकतम 1.29 लाख रुपये तक की कटौती की है, जिसमें ब्रेजा, ऑल्टो, वैगनआर और स्विफ्ट जैसी लोकप्रिय कारें भी शामिल हैं।

महिंद्रा कार

महिंद्रा ने अपनी XUV3XO की कीमत में सबसे बड़ी कटौती की है। 1.56 लाख रुपये की कमी के बाद अब इस कार की शुरुआती कीमत 7.28 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रह गई है। कंपनी जीएसटी छूट के अलावा अतिरिक्त लाभ भी दे रही है, जिससे त्योहारों के इस सीजन में ग्राहक कुल 2.56 लाख रुपये तक की बचत कर सकते हैं। वहीं, लोकप्रिय लाइफस्टाइल एसयूवी Thar के थ्री-डोर मॉडल की कीमत में 1.35 लाख रुपये की कटौती की गई है, जिसके बाद इसकी शुरुआती कीमत 10.32 लाख रुपये हो गई है।

टाटा मोटर्स 

टाटा मोटर्स ने अपनी सबसे सस्ती कार टिएगो की कीमत में अधिकतम 75,000 रुपये तक की कटौती की है, जिसके बाद अब इसकी शुरुआती कीमत 4.57 लाख रुपये हो गई है। कंपनी ने Nexon पर सबसे अधिक 1.55 लाख रुपये की कटौती की है, जिससे अब यह एसयूवी 7.31 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में उपलब्ध है। इसके साथ ही 45,000 रुपये तक का अतिरिक्त लाभ भी दिया जा रहा है, जिससे Nexon खरीदने पर कुल बचत 2 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं, हैरियर और सफारी की कीमतों में क्रमशः 1.44 लाख और 1.48 लाख रुपये की कटौती की गई है। अब हैरियर की कीमत 13.99 लाख रुपये और सफारी की कीमत 14.66 लाख रुपये से शुरू होती है।

हुंडई 

हुंडई ने अपनी कारों की कीमतों में अधिकतम 2.40 लाख रुपये तक की कटौती का ऐलान किया है। कंपनी की प्रीमियम एसयूवी Tucson पर सबसे अधिक 2,40,303 रुपये की कमी की गई है। वहीं, लोकप्रिय मिड-साइज़ एसयूवी Creta की कीमत में 38,311 रुपये की कटौती की गई है, जिसके बाद अब इसकी शुरुआती कीमत 10.73 लाख रुपये हो गई है, जो पहले 11.11 लाख रुपये थी। Grand i10 की कीमत में भी 51,022 रुपये की कमी की गई है और अब यह हैचबैक 5.47 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में उपलब्ध है, जो पहले 5.99 लाख रुपये थी।

बाइक्स पर अब कम जीएसटी

सरकार ने दोपहिया वाहनों पर जीएसटी दरों में बड़ा बदलाव किया है। अब 350cc से कम इंजन क्षमता वाली बाइक्स पर केवल 18% जीएसटी लगेगा, जबकि पहले यह दर 28% थी। दूसरी तरफ, 350cc से ज्यादा इंजन वाली बाइक्स पर अब 40% जीएसटी देना होगा। इस फैसले से मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ा फायदा होगा, क्योंकि भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक्स आमतौर पर 100cc से 150cc के बीच होती हैं, जिन्हें कम्यूटर सेगमेंट कहा जाता है।

हीरो मोटोकॉर्प

देश की अग्रणी दोपहिया कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने अपने कई मॉडल की कीमतों में 15,743 रुपये तक की कमी की घोषणा की है। सबसे सस्ती बाइक हीरो एचएफ डिलक्स की कीमत 5,805 रुपये घटाकर अब 54,933 रुपये कर दी गई है, जो पहले 60,738 रुपये थी। कंपनी के बेस्टसेलर स्प्लेंडर प्लस की कीमत भी 6,820 रुपये कम कर 73,346 रुपये कर दी गई है, जो पहले 80,166 रुपये थी।

बजाज ऑटो 

बजाज ऑटो ने अपने दोपहिया वाहनों की कीमतों में भारी कमी की है, जिसमें अधिकतम 20,000 रुपये तक की कटौती शामिल है। कंपनी की सबसे सस्ती बाइक CT 110X की कीमत 6,500 रुपये घटाकर अब 61,061 रुपये कर दी गई है, जो पहले 67,561 रुपये थी। इसके अलावा, Pulsar 125 की कीमत में भी लगभग 8,000 रुपये की कमी की गई है।

यामहा 

यामहा मोटर इंडिया ने अपने स्कूटर और बाइक के दामों में 17,581 रुपये तक की कमी की है। कंपनी ने कुछ मॉडलों पर इंश्योरेंस बेनिफिट्स भी पेश किए हैं। मशहूर स्पोर्ट बाइक R15 की कीमत 15,761 रुपये घटकर अब 1,74,019 रुपये रह गई है, जो पहले 1,89,780 रुपये थी। वहीं, Ray ZR स्कूटर के दामों में भी 7,759 रुपये की कटौती हुई है, अब इसकी शुरुआती कीमत 86,001 रुपये है, जो पहले 93,760 रुपये थी।

वाहन खरीदारों के लिए बड़ी राहत

जहां पहले बाइक की कीमतें 70-75 हजार से ऊपर होती थीं, अब बेस मॉडल 55 हजार रुपये तक मिल रही है। छोटी हैचबैक कारें, जो पहले 4.5 से 5 लाख रुपये से शुरू होती थीं, अब 3.50 लाख रुपये से भी उपलब्ध हैं। मिड-सेगमेंट एसयूवी पर भी 80 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक की अच्छी कटौती हुई है, जिससे खरीदारों को बड़ा फायदा मिलेगा।

जीएसटी छूट से बढ़ेगी बिक्री

पिछले कुछ महीनों से वाहन निर्माता कंपनियों पर भारी दबाव था, क्योंकि बिक्री में गिरावट आई थी और स्टॉक बिका नहीं था। अब जीएसटी में छूट उनके लिए ऑक्सीजन की तरह साबित होगी। मारुति सुजुकी, टाटा, महिंद्रा, हीरो मोटोकॉर्प, टीवीएस, बजाज जैसी बड़ी कंपनियों ने नई प्राइस लिस्ट जारी कर दी है, जिनमें सीधे 10-15% तक की कटौती देखने को मिल रही है।

Advertisementspot_img

Also Read:

केंद्र के कामकाज का नया केंद्र तैयार, ‘सेवा तीर्थ’ से संचालित होगी सरकार, आज पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क । कई दशकों तक देश की नीतियों और महत्वपूर्ण निर्णयों का साक्षी रहा साउथ ब्लॉक अब अतीत की विरासत...
spot_img

Latest Stories

Amitabh Bachchan ने सोशल मीडिया पर किया ऐसा ट्वीट, फैंस में मचा तहलका

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन सोशल...

बंगाल से राज्यसभा की दौड़ में नई एंट्री, ममता बनर्जी ने किया नॉमिनेट, आखिर कौन हैं कोयल मल्लिक?

नई दिल्‍ली/रफ्तार डेस्‍क । पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की...

The Kerala Story 2 Day 1 Collection: कंट्रोवर्सी के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत ओपनिंग

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कोर्ट केस और सियासी विवादों के...

तेहरान समेत ईरान के कई इलाकों में विस्फोट, इजरायल की बड़ी सैन्य कार्रवाई का दावा

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अंतरराष्ट्रीय माहौल आज 28 फरवरी 2026...