नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अगर आप आज यानी 3 जनवरी को बैंक जाकर कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। उत्तर प्रदेश में आज सभी बैंक बंद रहेंगे। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, नोएडा समेत पूरे प्रदेश में बैंकिंग ब्रांच सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। दरअसल, आज हजरत अली के जन्मदिन के अवसर पर उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय बैंक अवकाश घोषित किया गया है। इसी वजह से यूपी में सरकारी और निजी दोनों तरह के बैंक बंद रखे गए हैं।
हर शनिवार बैंक खुले हों, यह जरूरी नहीं
अक्सर लोग हफ्तेभर की भागदौड़ के कारण बैंक से जुड़े काम शनिवार के लिए टाल देते हैं, लेकिन यह जानना जरूरी है कि भारत में बैंक हर शनिवार को नहीं खुलते। हर रविवार बैंक बंद रहते हैं इसके अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहते हैं आज महीने का पहला शनिवार है, इसलिए उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी राज्यों में बैंक खुले हैं।
आज सिर्फ यूपी में ही क्यों बंद हैं बैंक?
आज की छुट्टी राज्य-स्तरीय अवकाश है, जो केवल उत्तर प्रदेश में लागू है। अन्य राज्यों में यह अवकाश नहीं है, इसलिए वहां बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
जनवरी 2026 में बैंकों की प्रमुख छुट्टियां
जनवरी महीने में अलग-अलग राज्यों में बैंकों की छुट्टियां इस प्रकार रहेंगी,
12 जनवरी: स्वामी विवेकानंद जयंती – पश्चिम बंगाल
14 जनवरी: मकर संक्रांति / माघ बिहू – गुजरात, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश
15 जनवरी: पोंगल, मकर संक्रांति – कर्नाटक, तमिलनाडु, सिक्किम, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश
16 जनवरी: थिरुवल्लुवर दिवस – तमिलनाडु
17 जनवरी: उझावर थिरुनाल – तमिलनाडु
23 जनवरी: नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, सरस्वती पूजा, बसंत पंचमी – त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल
26 जनवरी: गणतंत्र दिवस – पूरे देश में बैंक बंद
बैंक बंद हैं, लेकिन ये सेवाएं मिलती रहेंगी
बैंक ब्रांच बंद होने के बावजूद ग्राहक इन सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं ATM से नकद निकासी UPI और मोबाइल बैंकिंग इंटरनेट बैंकिंग के जरिए फंड ट्रांसफर हालांकि, चेक क्लियरेंस, बड़ी रकम जमा करना और डिमांड ड्राफ्ट जैसे काम आज नहीं हो पाएंगे।





