नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बरेली में तय रास्ते से मुहर्रम का जुलूस नहीं निकालकर दूसरे रास्ते से जुलूस निकालने का विरोध करने पर मुस्लिमों ने हिंदू परिवार पर हमला कर दिया। शुक्रवार रात को हमलावरों ने हिंदू परिवारों की टार्च की रोशनी से गिनती की। इसके बाद 100 से ज्यादा मुस्लिम समाज के हमलावर घर में घुस गए और पीड़ितों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ व पथराव की।
5 लोग हुए हैं घायल
हमले में घायल 5 लोगों को बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है। मामले को लेकर देर रात पुलिस गांव पहुंची और मुस्लिम पक्ष के 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस अन्य हमलावरों की तलाश कर रही है। जिन्हें पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
टॉर्च मारकर हिंदू परिवार के लोगों की गिनती की
इस संबंध में गौसगंज निवासी पीड़ित बेनीराम गंगवार ने बताया कि रात को 11 बजे युसूफ और बख्तावर ने उनके घर में कई बार टार्च की रोशनी मारी। हालांकि वो उस समय नहीं समझ पाए कि आखिर माजरा क्या है। दोनों आरोपी ऐसा क्यों कर रहे हैं। कुछ देर तक दोनों लगातार टार्च मारते रहे। जिसका उन्होंने विरोध किया।
10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है
इतने में दोनों आरोपी युसूफ और बख्तावर के साथ भीड़ ने उनके घर पर हमला कर दिया। भीड़ ने उनके घर के दरवाजे तोड़ और खिड़कियों पर पत्थर से हमला कर तोड़ दी। इस दौरान भीड़ ने घर के अंदर घुसकर बेनीराम, रेवीराम,उनकी बेटी दिव्या, सोमपाल और तेजपाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में सभी 5 लोग घायल हो गए हैं। वहीं हमले के दौरान एक ग्रामीण ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर लेकिन हमलावर काबू में नहीं आ पाए।
इसी बीच एसपी मानुस पारीक भी मौका ए वारदात पर पहुंच गए। विभिन्न थानों से पुलिस बुलाई गई तब हमलावर फरार हुए। पुलिस ने घेराबंदी करके 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
नई परंपरा का हिंदू समाज के लोगों ने किया था विरोध
इस संबंध में घायल बेनीराम ने बताया कि मुस्लिम समाज मुहर्रम पर आयोजित जुलूस नए रास्ते से ले जा रहा था। इस नई परंपरा का अन्य ग्रामीणों ने विरोध किया। इसी रंजिश में हमला किया गया।
वहीं एसपी ने बताया कि उपद्रवियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। माहौल बिगाड़ने वाले लोगों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




