नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी अपने दम पर बहुमत लाने में नाकाम रही। उसके बाद सरकार बनाने के लिए उसको एनडीए के अन्य घटक दलों पर निर्भर होना पड़ा। इन घटक दलों में सबसे प्रमुख है TDP और JDU। जेडीयू पहले महागठबंधन का हिस्सा रही, लेकिन अंत में वो महागठबंधन को छोड़कर फिर से एनडीए में शामिल हो गई। अब फिर से लालू यादव के नेतृत्व वाली पार्टी RJD के विधायक भाई विरेंद्र ने दावा किया है कि नीतीश कुमार जल्द ही बीजेपी का साथ छोड़कर महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बीजेपी छोड़ते ही बीजेपी साफ हो जाएगी। इसके बाद बीजेपी बिहार में दिखेगी नहीं।
हमें आयातित माल बर्दाश्त नहीं- अश्विनी चौबे
दरअसल जब बिहार में बीजेपी के दिग्गज नेता अश्विनी चौबे से आगे एनडीए के नेतृत्व को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में एनडीए को भाजपा के नेतृत्व में चुनाव लड़ना चाहिये और भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनानी चाहिये। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा अकेले दम पर आनी चाहिये और एनडीए को और आगे बढ़ाना चाहिये। उन्होंने बड़ा बयान देते हुए आगे कहा कि पार्टी में आयातित माल हमें कभी बर्दाश्त नहीं है।
पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे ने आगे कहा था कि मुख्यमंत्री के चेहरे पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। मेरी इच्छा है कि भाजपा के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार बननी चाहिये और बीजेपी अपने दम पर पूर्ण बहुमत के साथ आए व एनडीए को आगे बढ़ाये।
पाला बदलने के लिए जाने जाते हैं नीतीश
कहा जाता है कि नीतीश कुमार को जब-जब मुख्यमंत्री पद पर संकट दिखाई देता है। वो पाला बदल लेते हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने एनडीए से नाता तोड़कर पहली बार लालू प्रसाद यादव के साथ चुनाव लड़े थे। उसके बाद वो लगातार कभी बीजेपी तो कभी आरजेडी के साथ मिलकर बिहार में चुनाव लड़ते रहे हैं। इसमें सबसे प्रमुख बात ये है कि हर बार सीएम नीतीश कुमार ही बनते रहे हैं। अब भाई विरेंद्र की ये बात सुनकर बीजेपी के माथे पर शिकन जरूर होगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




