आपसी समझौते से होगा मामलों का निराकरण 10 को आयोजित नेशनल लोक अदालत में रतलाम,24 मार्च (हि.स.)। जिला विधिक सहायता अधिकारी पुनम तिवारी ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर 10 अप्रैल शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन देश-प्रदेश के साथ ही जिला न्यायालय रतलाम, तहसील न्यायालय जावरा, सैलाना तथा आलोट में किया जाएगा। जिसमें आपसी समझोते से मामलों का निराकरण होगा। सुश्री तिवारी ने बताया कि उक्त नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समस्त न्यायधीशों की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें लंबित समझोता योग्य प्रकरणों के अधिक से अधिक संख्या में निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। इसके साथ ही साबिर अहमद खान, सचिव/अपर जिला न्यायाधीश द्वारा समस्त विभागों- बैक, विद्युत विभाग, नगर पालिका, बीमा कंपनियों तथा अधिवक्तागणों की बैठकों का आयोजन ए.डी.आर. सेंटर जिला न्यायालय परिसर में किया गया। इसके साथ ही न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य प्रकरणों को चिन्हित कर सूचना पत्र जारी करने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। मोटर क्लेम प्रकरण, एन.आई. एक्ट 138 के प्रकरण, विद्युत के लंबित प्रकरण एवं अन्य न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में आपसी समझौते द्वारा अधिक से अधिक संख्या में प्रकरणों के निराकरण के संबंध में न्यायाधीशगणों बीमा कंपनी के अधीकारीगणों तथा अधिवक्तागणों द्वारा अपने सुझाव प्रस्तुत किये गए। हिंदुस्थान समाचार/ शरद जोशी




