नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। World Cup 2023 Schedule: इस साल के अंत में भारत में विश्व कप खेला जाना है, इससे पहले विश्व कप 2023 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ICC जल्द ही वर्ल्ड कप के शेड्यूल की घोषणा कर सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का सभी फैंस को बेसब्री से इंतजार है। भारत और पाकिस्तान के मैच पर पूरे विश्व के फैंस की निगाहें होंगी। इसी बीच दोनों देशों के बीच होने वाले मुकाबले की तारीख सामने आई है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच अहमदाबाद में 15 अक्टूबर को मैच खेला जा सकता है। वहीं इंडियन टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के साथ खेल सकती है।
ये हो सकता है वर्ल्ड कप का शेड्यूल
वर्ल्ड कप का पहला मैच 5 अक्टूबर को खेला जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 अक्टूबर को खेला जाएगा। इस मैच का आयोजन अहमदाबाद में होगा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल सकती है। इंडिया-ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच 8 अक्टूबर को चेन्नई में खेला जा सकता है। इसके बाद भारत का सामना अफगानिस्तान से दिल्ली में 11 अक्टूबर को हो सकता है। 19 अक्टूबर को भारत का बांग्लादेश से पुणे में सामना हो सकता है।
10 सालों से नहीं मिली कोई ICC ट्रॉफी
बता दें कि भारत को 2013 के बाद आईसीसी के खिताबी मुकाबले में लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। इंडियन टीम को टी20 विश्व कप 2014 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद क्रिकेट विश्व कप 2015 के सेमीफाइनल में हार मिली। भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2016 के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा थी। इसके बाद टीम इंडिया को चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल फिर विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में हार झेलनी पड़ी थी।




