नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली का बल्ला खामोश रहा और वह कोई भी प्रभावशाली पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद बीसीसीआई ने सीनियर खिलाड़ियों को रणजी मैच खेलने की सलाह दी थी। जिसका असर ये हुआ कि रोहित शर्मा और विराट कोहली ने रणजी मैच खेलने का फैसला किया। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली और रेलवे के बीच खेले जा रहे मैच में फैंस विराट की बल्लेबाजी देखने आए थे लेकिन उनको झटका लगा। विराट कोहली की पारी 6 रन से ज्यादा नहीं चल सकी। वह केवल 15 गेंदों पर 6 रन ही बना पाए और हिमांशु सांगवान की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।
केवल 6 रन ही बना सके विराट कोहली
विराट कोहली का खेल देखने के लिए दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था लेकिन अचानकी ही सारे फैंस वापस जाने लगे। दरअसल, दिल्ली के लिए विराट कोहली बल्लेबाजी करने उतरे थे। वह केवल 15 गेंद ही खेल पाए जिसमें उन्होंने केवल 6 रन बनाए। ये उन फैंस को झटका था जो विराट की फॉर्म की वापसी की उम्मीद में मैच देखने आए थे। उनका विकेट रेलवेज के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान ने लिया। दिल्ली का स्कोर उस समय 2 विकेट के नुकसान पर 86 रन था जब हिमांशु सांगवान की गेंद पर विराट क्लीन बोल्ड हो गए। उनकी इस पारी के बाद विराट के फैंस स्टेडियम से वापस जाने लगे।
हिमांशु सांगवान ने लिया विराट का विकेट
विराट कोहली का विकेट लेने के बाद हिमांशु सांगवान चर्चा में आ गए। हिमांशु रेलेवज के लिए खेलते हैं जबकि वह दिल्ली की अंडर 19 टीम से भी खेल चुके हैं। क्रिकेट में उनकी एंट्री साल 2019 में हुई थी। अबतक उन्होंने 23 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 77 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा 17 लिस्ट ए मैच में 21 विकेट झटके और 7 टी20 मैच में 5 विकेट लिए।





