नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। अभी तक आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप में अविजित रही टीम इंडिया आज फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका के साथ खिताब भिड़ंत करती हुई नजर आएगी। अभी तक टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 9 विकेट, मलेशिया के खिलाफ 10 विकेट, श्रीलंका के खिलाफ 60 रन, बांग्लादेश के खिलाफ 8 विकेट, स्कॉटलैंड के खिलाफ 150 रन और इंग्लैंड के खिलाफ 9 विकेट से जीत हासिल करके फाइनल में अपनी जगह बनाई है। टीम इंडिया आखिरी बार शेफाली वर्मा की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीती थी।
कब और कहां खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2025 का फाइनल मुकाबला कुआलालंपुर में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार इस मैच की शुरुआत दोपहर 12 बजे से होगी। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच फाइनल मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स 2 और स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी पर किया जाएगा। अगर आप इस मैच का ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए लुत्फ उठाना चाहते हैं तो आप इसे Disney+Hotstar पर भी देख सकते हैं।
भारत दूसरी बार अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप का विजेता बनना चाहेगा
अगर भारत आज का फाइनल मुकाबला जीत कर अंडर-19 टी20 विश्व कप का विजेता बन जाता है तो यह दूसरा ऐसा मौका होगा। इससे पहले भारत ने शेफाली वर्मा की कप्तानी में इस खिताब को अपने नाम किया था। हालांकि दोनों टीमों के बीच मुकाबला कांटे का रहने की उम्मीद है क्योंकि अभी तक इस सीरीज में दोनों ही टीम अपने विजयी रथ को चलाने में कामयाब रही हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
दक्षिण अफ्रीका: जेम्मा बोथा, सिमोन लॉरेन्स, फे काउलिंग, कायला रेनेके (कप्तान), काराबो मेसो (विकेटकीपर), मिके वैन वूर्स्ट, सेशनी नायडू, लुयांडा नज़ुजा, एशले वान विक, मोनालिसा लेगोडी, नथाबिसेंग निनी।
भारत: जी कमलिनी (विकेटकीपर), गोंगाड़ी त्रिसा, सानिका चालके, निकी प्रसाद (कप्तान), ईश्वरी अवसारे, मिथिला विनोद, आयुषी शुक्ला, जोशीता वीजे, शबनम एमडी शकील, पारुनिका सिसौदिया, वैष्णवी शर्मा।




