नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत आज से होने जा रही है और पहले ही दिन क्रिकेट फैंस को भरपूर रोमांच देखने को मिलेगा। भारत और पाकिस्तान समेत कुल 6 टीमें मैदान पर उतरेंगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा, जबकि भारतीय टीम आज यूएसए से भिड़ेगी। भारत बनाम यूएसए का मैच मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा। इसके साथ ही आज भव्य उद्घाटन समारोह भी होगा, जिसमें मशहूर डांसर नोरा फतेही और सिंगर बादशाह समेत कई कलाकार परफॉर्म करेंगे।
पहले दिन खेले जाएंगे तीन बड़े मुकाबले
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज तीन रोमांचक मैचों के साथ होगा। पहला मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला दोपहर 3 बजे से वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच कोलकाता में होगा। वहीं, दिन का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और यूएसए के बीच शाम 7 बजे से मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले उद्घाटन समारोह का आयोजन होगा, जिसके लिए वही टिकट मान्य होंगे जो मैच के लिए जारी किए गए हैं।
ओपनिंग सेरेमनी में ये सितारे लगाएंगे समां
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी को खास बनाने के लिए कई नामचीन कलाकार मंच पर नजर आएंगे। आईसीसी की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मशहूर सितार वादक ऋषभ शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके साथ जाने-माने परकशनिस्ट सिवामनी भी परफॉर्म करेंगे। इसके बाद लोकप्रिय रैपर और सिंगर बादशाह अपने हिट गानों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, जबकि नोरा फतेही अपने धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस से सेरेमनी में चार चांद लगाएंगी।
कितने बजे शुरू होगी ओपनिंग सेरेमनी?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी भारत बनाम यूएसए मुकाबले से ठीक एक घंटे पहले शुरू होगी। चूंकि यह मैच शाम 7 बजे खेला जाएगा, इसलिए उद्घाटन समारोह का आगाज शाम 6 बजे से होगा। इसके बाद क्रिकेट फैंस को भारत और यूएसए के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
ओपनिंग सेरेमनी और मैच लाइव कहां देखें?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी और सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शक जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण भी इन्हीं प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध रहेगा।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट और ग्रुप डिटेल्स
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 5-5 टीमों के चार ग्रुप्स में बांटा गया है। पहले दिन ग्रुप ए की चार टीमें मैदान पर उतरेंगी। पाकिस्तान और नीदरलैंड का मुकाबला इसी ग्रुप का हिस्सा है, जबकि भारत और यूएसए भी ग्रुप ए में शामिल हैं। वहीं, वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला ग्रुप सी के तहत खेला जाएगा। टूर्नामेंट के पहले ही दिन से क्रिकेट फैंस को जबरदस्त मुकाबलों की सौगात मिलने वाली है।





