नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 8 मार्च की रात जब भारत टी20 क्रिकेट का एक बार फिर बादशाह बना तो पड़ोसी देश पाकिस्तान में तो कोहराम मच गया। वहां के लोग निराश हो गए। पाकिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ी और क्रिकेट एक्सपर्ट्स टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड को जितवा रहे थे, लेकिन जीत भारत की हुई। भारत की जीत पर शोएब अख्तर को मानिए मिर्ची लग गई। इसके बाद तो न जाने क्या क्या अनाप शनाप बोलने लगे।
भारत की जीत से बुरी तरह बौखलाए शोएब अख्तर
भारत की टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद पाकिस्तान पर तो मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पाकिस्तान में रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से जाने जाने वाले शोएब अख्तर ने बीसीसीआई पर गंभीर आरोप लगा दिए। अख्तर ने मैच के बाद कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने क्रिकेट को बर्बाद कर दिया है। इसके अलावा अख्तर ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड की तुलना एक अमीर बच्चे से की, जो गरीबों को बुलाकर अपनी ताकत दिखाता है।
भारत पर लगाए आरोप
पाकिस्तान के ‘गेम ऑन है’ शो पर बात करते हुए शोएब अख्तर ने कहा, “ये कुछ वैसा ही है जैसे किसी मोहल्ले में एक अमीर बच्चा सभी गरीब बच्चों को बुलाकर कहता है, ‘चलो क्रिकेट खेलते हैं।’ भारत हमारे साथ ठीक यही कर रहा है। आठ टीमों में से वे चार को रखते हैं और उन चार में से वे तीन को फिर से बुलाते हैं और आगे बढ़ते हैं। फिर वे कहते हैं, ‘देखो, मैं जीत गया।’ उन्होंने पूरा क्रिकेट बर्बाद कर दिया है।”
बता दें कि भारत ने टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 क्रिकेट में बादशाहत कायम रखी। भारत का यह लगातार दूसरा विश्व कप खिताब है।




