नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को इस साल अक्टूबर में होने वाले इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग (ISRL) के दूसरे सत्र के लिए बुधवार को आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया। पिछले साल अपने शुरुआती सत्र में भारत में मोटरस्पोर्ट्स के परिदृश्य को बदलने का दावा करने वाली इस लीग ने कहा कि सलमान की बॉलीवुड में सुपरस्टार की छवि और उनकी लोकप्रियता लीग में बड़ा बदलाव लायेगी। सलमान का मोटरस्पोर्ट जुनून और दर्शकों के साथ जुड़ाव ISRL की पहुंच को बढ़ाएगी, जिससे सुपरक्रॉस भारत में एक घरेलू नाम बन जाएगा।
क्या कहा सलामान ने ?
सलमान खान ने ISRL से जुड़ने पर सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “मैं उस चीज़ का हिस्सा बनकर बहुत उत्साहित हूँ जिसके बारे में मैं वास्तव में बहुत जुनूनी हूं। ISRL जो बना रहा है वह दीर्घकालिक दृष्टि के साथ वास्तव में क्रांतिकारी है। इस लीग में मनोरंजन का अपार मूल्य है और यह जुनून को जगाने, कौशल दिखाने और ऐसे नायकों को बनाने की भावना को दर्शाता है जो अगली पीढ़ी को प्रेरित करेंगे। साथ मिलकर हम सुपरक्रॉस को भारत में एक घरेलू नाम बनाने और अपने सवारों को वैश्विक मंच पर लाने के लिए तैयार हैं।”
ISRL के प्रबंध निदेशक वीर पटेल ने कहा कि “ISRL परिवार में सलमान खान का स्वागत भारत में मोटरस्पोर्ट्स के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। जैसे-जैसे मोटरस्पोर्ट्स दुनिया भर में लोकप्रिय हो रहे हैं, भारतीय सुपरक्रॉस रेसिंग लीग (ISRL) ने भारत को वैश्विक मोटरस्पोर्ट्स मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया है।
गौरतलब है कि ISRL के उद्घाटन सत्र ने भारत में मोटरस्पोर्ट इवेंट्स के लिए नए मानक स्थापित किए। जिसमें 30,000 से अधिक लोगों की उपस्थिति और प्रसारण के केवल 3 दिनों में 11.5 मिलियन दर्शकों की संख्या थी। जिसने सुपरक्रॉस इवेंट के लिए एक नया वैश्विक रिकॉर्ड स्थापित किया। इस प्रतियोगिता में दुनिया के 48 बेहतरीन राइडर्स ने भाग लिया, जिनमें अंतरराष्ट्रीय दिग्गज जोर्डी टिक्सियर, मैट मॉस और एंथनी रेनार्ड शामिल थे। जिन्होंने कई श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा की।





