नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट जगत के दो दोस्तों के बीच लंबे अर्से बाद हुई मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली दोनों की मुलाकात मुंबई में आयोजित गुरु रमाकांत आचरेकर के मेमोरियल अनावरण कार्यक्रम में हुई।
कांबली ने सचिन का कसकर हाथ पकड़ा
इन दो यारों का मिलन लंबे अर्से के बाद देखने को मिला लेकिन इस दौरान कुछ अजीब बात भी हुई। जिसके कारण सचिन सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मंच पर दोनों दोस्तों की मुलाकात हुई। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि सचिन खुद कांबली के पास जाकर उनसे मिले तो कांबली कुछ देर तक उन्हें देखते ही रहे, शायद वे सचिन को पहचान नहीं पाए थे। लेकिन जैसे ही उन्होंने सचिन को पहचाना तो उनका कसकर हाथ पकड़ लिया। सचिन को अपने पास देख कांबली थोड़ी देर के लिए हैरान रह गए। इस दौरान कांबली काफी इमोशनल हो गए और सचिन से अपने पास वाली सीट पर बैठने का आग्रह करने लगे। लेकिन कुछ देर बाद हाथ छोड़ अपनी रिजर्व सीट पर जाकर बैठ गए।
दोनों की दोस्ती के किस्से थे मशहूर
इन दोनों महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली के बचपन की दोस्ती के किस्से काफी मशहूर हैं। दोनों ने एक ही गुरु रमाकांत आचरेकर से क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। एक साथ ही स्कूल और घरेलू क्रिकेट की शुरुआत की और फिर इंटरनेशनल क्रिकेट का सफर तय किया। कांबली ने एक बार सचिन पर बुरे दौर में साथ न देने का आरोप भी लगाया था।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि रिजर्व थी सचिन की सीट
रमाकांत आचरेकर के स्मारक अनावरण कार्यक्रम में यह मुलाकात हुई। इस कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर मुख्य अतिथि थे। विनोद कांबली को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। राज ठाकरे सहित कई दिग्गज इस कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्य अतिथि सचिन तेंदुलकर मंच के बीच में बैठे थे। आमंत्रित अतिथियों में विनोद कांबली मंच के किनारे बैठे थे।
दोस्त की स्थिति देख हैरान हुए सचिन
अपने दोस्त की इस स्थिति को देखकर सचिन तेंदुलकर भी हैरान रह गए। वीडियो में विनोद कांबली की खराब तबियत भी साफ दिख रही है। विनोद कांबली बिना मदद के चल नहीं पा रहे हैं। बैठने के बाद उठने में भी उन्हें परेशानी हो रही है। उन्हें किसी न किसी का सहारा लेना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले कांबली को आर्थिक तंगी होने की खबरें भी सामने आई थीं। उनको बीसीसीआई से पेंशन मिल रही हैं। भारत के लिए कांबली ने 17 टेस्ट में 1084 रन बनाए । इस दौरान उन्होंने 4 शतक जड़े और 227 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने कुल 104 मैचों में 2497 रन बनाए।




