नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टीम इंडिया में अपनी बैटिंग को लेकर स्ट्रगल कर रहे विराट कोहली ने फिर घरेलू क्रिकेट की रुख किया है। विराट रेलवे के खिलाफ 30 जनवरी से शुरू होने वाले घरेलू मैच में खेलते हुए दिखाई देंगे। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। रोहित शर्मा भी हाल ही में जम्मू कश्मीर के खिलाफ घरेलू मैच खेलते हुए दिखाई दिए थे। रेलवे के खिलाफ होने वाले मैच में आप बिना टिकट खरीदे विराट कोहली को लाइव खेलते हुए देख सकते हैं। इस मैच में भारी भीड़ की आशंका की वजह से प्रशासन ने सुरक्षा चाक चौबंद कर दी है।
13 साल बाद घरेलू क्रिकेट में दिखाई देंगे विराट कोहली
साल 2012 में आखिरी ऐसा मौका था जब विराट कोहली ने घरेलू मैच खेला था। वह यूपी के खिलाफ आखिरी मैच खेलने उतरे थे। अब 30 जनवरी से एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में अपनी तकनीक को सुधारते हुए दिखाई देंगे। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों का घरेलू क्रिकेट की तरफ रुख करना बीसीसीआई के उस आदेश का नतीजा है जिसमें बोर्ड ने अपने प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए दिग्गज खिलाड़ियों को भी घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए कहा था।
फ्री में देख सकेंगे विराट की बैटिंग
विराट कोहली क्रिकेट की दुनिया का ऐसा नाम है जिनकी लोकप्रियता आसमान पर पहुंच चुकी हैं। करोड़ों फैंस उन्हें घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं। रेलवे के खिलाफ होने वाले मैच में तकरीबन 10 हजार लोगों के आने की उम्मीद है। हालांकि इस मैच के लिए कोई भी टिकट नहीं हैं जिसकी वजह से यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। DDCA के सचिव अशोक शर्मा ने बताया भी, कि स्टेडियम का गेट नंबर 7, 15 और 16 खुला रहेगा। साथ ही, भारी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा।





