नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अंडर 19 वर्ल्ड कप 2025 में टीम इंडिया और स्कॉटलैंड के बीच मैच खेला गया जिसमें टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर के अंत तक 208 रन का स्कोर बनाया और इस दौरान उन्होंने केवल 1 विकेट गंवाया। इसके जवाब में स्कॉटलैंड की टीम जब खेलने उतरी तो उन्हें बैक टू बैक झटके लगते रहे। और उनकी टीम केवल 58 रन ही बना सकी। 14 रन में 58 रन पर वह अपने सारे विकेट खो चुकी थी और टीम इंडिया ने 150 रनों के अंतर से मैच जीत लिया।
त्रिशा गोंगाडी ने रचा इतिहास
टीम इंडिया की स्टार बल्लेबाज त्रिशा गोंगाडी ने ताबड़तोड बल्लेबाजी करते हुए केवल 59 गेंदों पर 110 रन जड़ दिए। त्रिशा अंडर 19 वर्ल्ड कप के इतिहास में सेंचुरी बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 13 चौके और 4 छक्के लगाए। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि गेंद से भी उन्होंने अपनी कला के जौहर दिखाए। त्रिशा ने गेंदबाजी करते हुए टीम स्कॉटलैंड की 3 खिलाड़ियों को वापस पवेलियन भी भेजा। अपनी इस जीत के साथ ही टीम इंडिया आखिरी सुपर सिक्स मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वैष्णवी शर्मा ने भी 3 विकेट झटककर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ICC Women’s Under-19 T20 World Cup के अधिकतम इंडिविज्युअल स्कोर
1. त्रिशा गोंगाडी (भारत)- 110 रन, 2025
2. ग्रेस स्क्रिवेंस (इंग्लैंड)- 93 रन, 2023
3. श्वेता सहरावत (भारत)-92* रन, 2023
4. शेफाली वर्मा (भारत)- 78 रन, 2023
5. श्वेता सहरावत (भारत)-74* रन, 2023
कमालिनी के साथ शानदार साझेदारी
टीम इंडिया के लिए ओपनर के तौर पर त्रिशा गोंगडी और जी कमालिनी उतरीं जिन्होंने 147 रनों की पार्टनरशिप की। कमालिनी ने 42 गेंदों पर 51 रन बनाए और पारी के 14वें ओवर में मैसी मैसीरा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठी। इसके बाद त्रिशा और सानिका के बीच 61 रनों की नाबाद साझेदारी हुई।




