नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। इंडियन क्रिकेट के वॉल कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ ने Rajasthan Royals के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। IPL 2025 में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद द्रविड़ ने यह कदम उठाया। फ्रेंचाइजी ने उन्हें एक बड़े पद की पेशकश भी की थी, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।
राजस्थान रॉयल्स का आधिकारिक बयान
राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, राहुल द्रविड़ आईपीएल 2026 से पहले टीम से अलग हो जाएंगे। वह लंबे समय से राजस्थान रॉयल्स की यात्रा का अहम हिस्सा रहे हैं। उनकी कोचिंग और नेतृत्व ने खिलाड़ियों की एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है। फ्रेंचाइजी ने द्रविड़ को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया और लिखा, “पिंक जर्सी में आपकी मौजूदगी ने युवा और अनुभवी दोनों को प्रेरित किया।
IPL 2025 में निराशाजनक प्रदर्शन
द्रविड़ की कोचिंग में राजस्थान रॉयल्स ने 14 में से सिर्फ 4 मैच जीते। टीम अंकतालिका में नौवें स्थान पर रही। लगातार हार के कारण RR प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना पाई।
क्या यही है इस्तीफे की असली वजह?
IPL 2025 के दौरान ऐसी खबरें आई थीं कि टीम मैनेजमेंट और कप्तान संजू सैमसन के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। हालांकि राहुल द्रविड़ ने इन अटकलों को गलत बताया था और किसी विवाद से इंकार किया था। द्रविड़ 2012 और 2013 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके हैं। 2014 और 2015 में वह टीम के मेंटर भी रहे। 2024 में एक बार फिर RR के हेड कोच बने थे। हालांकि टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वह खिताब से बहुत दूर रही।
भारतीय टीम के साथ सफल सफर
राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने से पहले राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के मुख्य कोच थे। उनकी कोचिंग में टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2024 जीता। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारत फाइनल तक पहुंचा था। राजस्थान रॉयल्स ने अब तक सिर्फ एक बार 2008 में खिताब जीता है। उस समय टीम की कप्तानी शेन वॉर्न के हाथों में थी।





