नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के प्रजेंटेशन सेरेमनी में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के ऑफिसर को आमंत्रित न करने से PCB नाराज है। ICC द्वारा आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के समापन समारोह में मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के किसी भी अधिकारी को मंच पर नहीं बुलाया गया। इसे लेकर विवाद होने लगा।
ICC के इस जवाब से नाखुश पीसीबी
पाकिस्तान ने इस घटना पर आपत्ति जताई ओर आईसीसी से इसका जवाब मांगा। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने इसका औपचारिक रूप से विरोध करने की तैयारी कर ली है। पीसीबी कथित तौर पर आईसीसी के इस जवाब से नाखुश है कि चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल समारोह में पीसीबी का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था।
इस घटना को लेकर पीसीबी ने मामले को आईसीसी के समक्ष उठाया था, लेकिन पीसीबी स्पष्ट रूप से आईसीसी के जवाब से प्रभावित नहीं है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी के एक सूत्र ने दावा किया कि आईसीसी ने पीसीबी प्रमुख नकवी को मंच पर लाने की तैयारी की थी, लेकिन जब वह नहीं आ सके तो उन्होंने अपनी योजना बदल दी।
PCB ने ICC के स्पष्टीकरण को किया खारिज
मिली जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान ने आईसीसी की स्पष्टीकरण को नकार दिया है। साथ ही, PCB ने दावा किया कि आईसीसी ने टूर्नामेंट के दौरान मेजबान देश के रूप में पाकिस्तान की स्थिति के संबंध में कई गलतियां भी की थीं। पीसीबी के सीओओ सुमैर अहमद सैयद और पीसीबी के निदेशक उस्मान वाहला स्टेडियम में मौजूद थे, फिर भी उन्हें मंच पर नहीं बुलाया गया। वहीं इस मामले में आईसीसी ने कहा कि, केवल बोर्ड के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, चेयरमैन या सीईओ को ही मंच पर बुलाया जाता है। चूंकि पीसीबी ने ऊपर बताए गए लोगों में से किसी को भी नहीं भेजा, इसलिए पाकिस्तान का कोई प्रतिनिधित्व मंच पर नहीं था।
अपनी सफाई में आईसीसी ने क्या कहा-
इस विवाद पर आईसीसी के प्रवक्ता ने कहा, ‘फाइनल मैच के दौरान नकवी गैर हाजिर थे। और दुबई नहीं गए। आईसीसी केवल मेजबान बोर्ड के प्रमुख को ही अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है, जैसे कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, चेयरमैन या सीईओ। अन्य बोर्ड अधिकारी, चाहे वे आयोजन स्थल पर मौजूद हों या नहीं, अवॉर्ड सेरेमनी की कार्यवाही में भाग नहीं लेते हैं।





