नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। भारत में होने वाले जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 से पाकिस्तान ने अपना नाम वापस ले लिया है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने शुक्रवार, 24 अक्टूबर को इसकी पुष्टि की। पाकिस्तान की टीम इससे पहले बिहार के राजगीर में हुए एशिया कप हॉकी 2025 में भी नहीं उतरी थी। अब जूनियर वर्ल्ड कप से नाम वापसी के बाद उसकी जगह किसी नई टीम को शामिल किया जाएगा। एफआईएच ने कहा कि टूर्नामेंट में टीमों की पूरी संख्या बरकरार रखी जाएगी ताकि प्रतियोगिता सुचारू रूप से हो सके।
जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में खेला जाएगा, जिसमें कुल 24 टीमें भाग लेंगी। एफआईएच के मुताबिक, पाकिस्तान इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुका था, लेकिन उसने भाग नहीं लेने की सूचना दी है। सूत्रों के अनुसार, यह फैसला भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनावपूर्ण संबंधों के कारण लिया गया है।
पाकिस्तान के हटने से जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप पर असर नहीं
पाकिस्तान के हटने के बावजूद जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। बाकी टीमों की तैयारियां जोरों पर हैं और आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को सफल बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। यह टूर्नामेंट दुनिया भर के उभरते युवा खिलाड़ियों के लिए एक अहम मंच साबित होगा।
हाल ही में भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर प्रतिबंध की नीति को औपचारिक रूप दिया था। सरकार ने स्पष्ट किया कि भारत ऐसे मल्टी-नेशन टूर्नामेंट्स में भाग लेगा जिनमें पाकिस्तान भी हिस्सा ले, लेकिन कोई द्विपक्षीय श्रृंखला आयोजित नहीं की जाएगी।
पाकिस्तान के हटने के बाद टूर्नामेंट के ग्रुप्स और शेड्यूल में बदलाव किए जाएंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने पहले कहा था कि पाकिस्तान के लिए जूनियर वर्ल्ड कप के दरवाजे खुले हैं और भारत हमेशा समावेशी भावना से अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करेगा, चाहे दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण क्यों न हों।




