नई दिल्ली,रफतार डेस्क। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप स्टेज का नौवां मुकाबला पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाना था, लेकिन रावलपिंडी में लगातार हो रही बारिश के कारण यह मैच रद्द कर दिया गया। इस मुकाबले में टॉस तक नहीं हो सका और आखिरकार बारिश नहीं थमने की वजह से अंपायर्स ने मैच को रद्द करने का फैसला लिया। इस हार से पाकिस्तान में इस कदर हड़कंप मच गया कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर सदन में अपनी बात रखने के लिए भी कह दिया।
पाकिस्तान और बांग्लादेश चैंपियंस ट्रॉफी से बहार
पाकिस्तान के लिए यह टूर्नामेंट किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। मेजबान होने के बावजूद टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी और बिना किसी जीत के टूर्नामेंट से बाहर हो गई। पाकिस्तान को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड ने हराया था और फिर भारत के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा। अब आखिरी ग्रुप मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे टीम को अंक तालिका में एक भी जीत नहीं मिल पाई। बांग्लादेश की टीम भी इस टूर्नामेंट में संघर्ष करती नजर आई। पहले मैच में भारत के खिलाफ तौहिद हृदोय के शानदार शतक (101 रन) के बावजूद टीम को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी टीम को 5 विकेट से हार मिली। अब बारिश के चलते पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला नहीं हो सका, जिससे बांग्लादेश भी बिना किसी जीत के टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका
पाकिस्तान के लिए यह प्रदर्शन किसी झटके से कम नहीं है, क्योंकि वह इस टूर्नामेंट का मेजबान था। फैंस को उम्मीद थी कि घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर पाकिस्तान अच्छा प्रदर्शन करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर भी सवाल उठ सकते हैं। अब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। वहीं, ग्रुप स्टेज के अन्य मुकाबले यह तय करेंगे कि सेमीफाइनल में उनके सामने कौन-कौन सी टीमें होंगी। पाकिस्तान और बांग्लादेश के लिए यह टूर्नामेंट भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन उनकी कमजोरियों को सुधारने के लिए यह एक बड़ा सबक जरूर साबित होगा।





