नई दिल्ली, रफ़्तार। टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2024) का इंतजार खत्म होने वाला है। जून में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए अधिकतम टीमों ने अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। वहीं, टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मुकाबला 9 जून को होना है। यह मैच भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) का है। दोनों टीमें आखिरी बार साल 2023 भारत में हुए वनडे वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुईं थीं। अब टी-20 वर्ल्ड कप के आगाज से पहले पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम ने बड़ा बयान दिया है। बाबर ने ने कहा कि विराट कोहली (Virat Kohli) टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। उनके बल्ले पर अंकुश लगाने को रणनीति जरूर बनाई जाएगी।
न्यूयॉर्क के हालात के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं : बाबर
दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर से पूछा गया कि क्या वह शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली के खिलाफ रणनीति बनाएंगे? इस पर बाबर ने कहा कि एक टीम के रूप में विरोधी के टीम सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के विरुद्ध रणनीति बनाई ही जाती है। ‘हम दूसरी टीमों के सभी 11 खिलाड़ियों के खिलाफ रणनीति बनाते हैं। हमें न्यूयॉर्क के हालात के बारे में बहुत जानकारी नहीं है, लेकिन वह (कोहली) सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। ऐसे में हम उनके खिलाफ भी रणनीति बनाएंगे।
गैरी कर्स्टन के कोच बनने से पाक के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
पाक टीम के कप्तान ने उम्मीद जताई कि गैरी कर्स्टन को सफेद गेंद के फॉर्मेट का मुख्य कोच बनाए जाने से पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन ग्राफ बढ़ेगा। कर्स्टन बीते महीने दो साल के लिए पाकिस्तान का मुख्य कोच बनाए गए हैं। उनके कोच रहते भारत ने साल 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीता था। वह 2008 से 2011 तक भारत और 2011 से 2013 तक साउथ अफ्रीका के कोच रहे हैं।
टीम में कोई मतभेद नहीं
बाबर ने कहा कि गैरी कर्स्टन काफी अनुभवी कोच हैं। हमें उनकी मौजूदगी से फायदा मिलेगा। वह वर्ल्ड कप की रणनीति बनाने में बेहद रुचि ले रहे हैं। टीम प्रबंधन के साथ रणनीति पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। बाबर ने कहा कि टीम में कप्तानी को लेकर मतभेद नहीं है। वह कमान संभालकर रोमांचित हैं। उन्होंने कहा कि मैंने बतौर कप्तान पहले भी खिलाड़ियों के दम पर कामयाबी पाई है। इस बार भी यही सच है।





