नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दुबई में एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की राह पक्की कर दी। हारिस रऊफ और शाहीन शाह आफरीदी भारतीय बल्लेबाजों से भिड़ते नजर आए। वहीं साहिबजादा फरहान का गन स्टाइल सेलिब्रेशन भी चर्चा में रहा।
इस पूरे मामले को लेकर दिग्गज भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने एशिया कप 2025 के इस रोमांचक मुकाबले पर अपने यूट्यूब चैनल पर रिएक्शन दिया। उन्होंने पाकिस्तान टीम की मैच के दौरान की गई हरकतों पर कड़ी आलोचना की और स्पष्ट कर दिया कि भारतीय टीम ने किस तरह से दबदबा बनाया।
इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार क्रिकेट खेला और टीम को भरोसेमंद जीत मिली। उन्होंने कहा कि मैच में बहुत अधिक एग्रेशन देखने को मिला, जो खेल भावना के लिहाज से चिंता का विषय था।
यहां तक की पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में अभिषेक शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों ने ऐसी बातें कही जो ठीक नहीं थीं। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “आप बोलते जाएंगे और हम जीतते जाएंगे,” जिससे उनकी जीत का जज्बा और साफ झलकता है।
इरफान पठान की चेतावनी
इरफान पठान ने आगे कहा कि, भारतीय खिलाड़ी हमेशा अपना क्रिकेट खेलते रहे हैं। पहले भी, आज भी और भविष्य में भी। लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी खिलाड़ी। ऑस्ट्रेलियाई हो, पाकिस्तानी हो या कोई और। अगर Provocative बातें करेगा, तो उम्मीद न करे कि हम चुप रहेंगे; हम जवाब देंगे।
मेरे नाम पर शो बनाते हैं पड़ोसी मुल्क- इरफान पठान
इरफान पठान ने कहा कि हमारी टीम हर तरह से जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ पुराने खिलाड़ी इसे स्वीकार नहीं कर पाते। उन्होंने मीडिया में पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में अपने नाम पर बने शो का जिक्र करते हुए कहा कि आप लोग खुश रहो, आपकी कमाई और घर चलता रहे।
हमेशा हमारा उसूल रहा है- इरफान पठान
इरफान पठान ने कहा कि पाकिस्तान टीम हार या जीत जाए, इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने याद दिलाया कि 2022 में जब पाकिस्तान जिम्बाब्वे से हारा था, तो उन्होंने कोई ट्वीट नहीं किया। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई हमें छेड़ेगा, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। यही हमारा उसूल रहा है।
हारिस, फरहान की कड़ी आलोचना
इरफान पठान ने वीडियो में कहा कि जो कुछ भारत के साथ मैच में हुआ, खासकर साहिबजादा फरहान के सेलिब्रेशन के दौरान किए गए इशारे, उससे दोनों देशों के बीच की परिस्थितियों की झलक मिलती है। इरफान पठान ने वीडियो में हारिस रऊफ की भी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि पहले उन्हें रऊफ ठीक लड़का लगते थे, ऑस्ट्रेलिया में भी वह विनम्र थे। लेकिन मैच में की गई हरकतें अनावश्यक थीं। पठान ने कहा कि साहिबजादा और रऊफ की यह हरकत उनकी परवरिश को दिखाती है। उन्होंने साफ कहा कि अब कोई बदतमीजी करेगा तो हम चुप नहीं रहेंगे। यह नया इंडिया है, जो छोड़ता नहीं।




