नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। IPL 2026 से पहले वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं। 14 साल की उम्र में अपनी शानदार बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले इस युवा खिलाड़ी को अब संभालकर आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने वैभव को साफ तौर पर सलाह दी है कि वे मीडिया और इंटरव्यू से दूरी बनाए रखें। उनका कहना है कि इतनी कम उम्र में ज्यादा चर्चा खिलाड़ी पर दबाव डाल सकती है, इसलिए वैभव को सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए।
सोशल मीडिया से भी दूरी की सलाह
टीम मैनेजमेंट ने वैभव को सोशल मीडिया से दूर रहने की भी सलाह दी है। ताकि बाहरी शोर, तारीफ या आलोचना का असर उनके प्रदर्शन पर न पड़े और वे पूरी तरह अपने खेल पर फोकस कर सकें। वैभव सूर्यवंशी ने 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू करते ही सबको चौंका दिया था। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपने पहले ही मैच में खेलते हुए आईपीएल इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर खास उपलब्धि हासिल की।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी दिखाया दम
हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 175 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिससे उनका कद और बढ़ गया। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने चेतावनी दी है कि वैभव के लिए दूसरा सीजन आसान नहीं होगा। अब विरोधी टीमें उनकी कमजोरी ढूंढकर रणनीति बनाएंगी, इसलिए उन्हें तकनीक और मानसिक मजबूती पर काम करना होगा।
टीम का प्लान और बड़े सपने
राजस्थान रॉयल्स की योजना है कि वैभव को यशस्वी जायसवाल जैसे अनुभवी बल्लेबाज के साथ ओपनिंग में उतारा जाए। वहीं, वैभव का सपना है कि वे क्रिस गेल के 175 रनों के आईपीएल रिकॉर्ड को तोड़ें। कम उम्र में मिली सफलता के बाद अब असली चुनौती वैभव सूर्यवंशी के सामने है। अगर वे सही दिशा में मेहनत करते रहे, तो आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन सकते हैं।




