नई दिल्ली, रफ्तार। आईपीएल 2024 का आज बेहद रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। प्लेऑफ के चौथे स्थान के लिए पांच बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स और ट्रॉफी का वर्षों से इंतजार कर रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से दोनों टीमें भिड़ेंगी। बता दें 21 मई से नॉकआउट स्टेज शुरू होगा, लेकिन उससे पहले आज ही फैंस को नॉकआउट का मजा आने वाला है, क्योंकि प्लेऑफ के लिए सीएसके और आरसीबी में जंग है। वैसे, मैच पर बारिश का खतरा है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक आज 80 फीसदी बारिश की संभावना है। यानी मैच बारिश से बाधित होगा, यह कहना गलत नहीं होगा।
बारिश के कारण मैच रद्द होने पर दोनों टीमों को 1-1 अंक
बारिश होने की वजह से आज मैच रद्द होता है तो CSK और RCB को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसे में CSK प्लेऑफ में क्वालीफाई कर जाएगी। अगर, मुकाबला हुआ और CSK हारी तो RCB के पहुंचने की संभावना अधिक है। वैसे, RCB के लिए यह आसान नहीं है, क्योंकि टीम का काम सिर्फ CSK को हराने से नहीं चलेगा। उन्हें यह कोशिश करनी होगी कि वह नेट रन रेट के मामले में CSK को पीछे छोड़ें। अगर, ऐसा नहीं हुआ तो CSK हारने के बाद भी प्लेऑफ में शामिल हो जाएगी।
CSK पर कम-से-कम 18 रनों से जीत दर्ज करने की दरकार
दरअसल, RCB ने लगातार पांच मैच जीतकर प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। जबकि, CSK 14 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी है। RCB पहले बल्लेबाजी करती है तो उसे कम-से-कम 18 रनों के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। अगर, वह 200 रन बनाती है तो उन्हें CSK को 182 या उससे कम पर रोकना होगा।
पहले गेंदबाजी करने पर क्या करना होगा?
RCB पहले गेंदबाजी करती है तो और CSK 200 रन बनाती है तो मेजबान टीम को 11 या अधिक गेंद शेष रहते 201 स्कोर तक पहुंचना होगा। वह 200 से एक छक्का लगाते हैं तो 8 गेंद शेष रहते लक्ष्य का पीछा पूरा कर सकते हैं। अगर, बारिश से मैच बाधित होता है और मैच के परिणाम के लिए कम-से-कम पांच-पांच ओवरों का मुकाबला होता है तो RCB के लिए स्थिति और कठिन हो जाएगी। बारिश के चलते 5-5 ओवरों के मैच में RCB पहले बल्लेबाजी करते हुए 75 रन बनाती हैं तो उन्हें CSK को 57 या उससे कम पर रोकना होगा।
5-5 ओवरों के मैच होने पर क्या सीन बनेगा?
5-5 ओवरों के मैच में RCB पहले गेंदबाजी करती है तो उसे 75 रनों के लक्ष्य को 3.1 ओवर में ही पाना होगा। इसके बाद ही वह CSK को नेट रन रेट के मामले में पीछे छोड़ पाएगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




