नई दिल्ली, रफ्तार। आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस को सातवीं हार मिली है। मंगलवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई को 4 विकेट से हराया। मुकाबले में मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 145 रनों का लक्ष्य लखनऊ को दिया था। लखनऊ ने 19.2 ओवर में जीत हासिल कर ली। अब मुंबई के प्लेऑफ में क्वालिफाई करने की संभावना काफी कम है।
गेंद देखकर हिट करना होगा
गोल्डन डक पर आउट होने वाले मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने मैच के बाद कहा कि मुझे लगता है जल्दी विकेट गंवाने से रिकवर करना आसान नहीं होता है। कप्तान ने इस बात से टीम के टॉप ऑर्डर पर सवाल खड़े किए। जबकि, खुद बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। अपने खिलाड़ियों पर कहा कि आपको अब भी गेंद को देखकर हिट करना होगा। हम गेंदें मिस कर आउट हुए। अब तक हमारा सीजन इसी तरह का रहा। मेरा भरोसा है कि हम उठेंगे और ऊपर रहेंगे। आपको सिर्फ सबकुछ देना होगा। इस मैच से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है।
मैच हाईलाइट्स
मुंबई टीम से नेहाल वढेरा ने 41 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेली। इसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल हैं। इनके अलावा कोई बल्लेबाज 40 रनों का आंकड़ा नहीं पार कर सका। लखनऊ की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने 45 गेंदों पर 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। स्टोइनिस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस जीत से लखनऊ को जबरदस्त फायदा
लखनऊ सुपर जायंट्स इस मैच से पहले प्वाइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर थी। टीम ने 9 मैचों में से 5 मैच जीते थे। अब लखनऊ ने चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद को पीछे छोड़ा है। केएल राहुल के नेतृत्व वाली यह टीम अब 10 मैचों में से 6 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर आ गई है। सीएसके तीसरे स्थान से खिसककर चौथे पर चली गई है। सनराइजर्स हैदराबाद भी चौथे स्थान से नीचे लुढ़क कर पांचवें स्थान पर पहुंच गई।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




