नई दिल्ली, रफ्तार। विराट कोहली बेहतरीन बल्लेबाज होने के साथ अब बेजोड़ फील्डर के रूप में सामने आए हैं। इस आईपीएल में कोहली के दो रन आउथ थ्रो ने सबको चौंकाया है। गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में कोहली ने ‘चीती की चाल और बाज की नजर’ कहावत को अपना बना लिया। उन्होंने शशांक सिंह को डायरेक्ट हिट कर रन आउट कर दिया। बेहद करीबी मामला था, लेकिन रिव्यू में शशांक आउट दिखे। इससे पहले कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में शाहरुख खान को ऐसे ही रन आउट किया था। इन दोनों थ्रो का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
35 की उम्र में भी दुनिया के सबसे फिट एथलीटों में एक
कोहली दुनिया के सबसे फिट एथलीटों में से एक हैं। 35 साल की उम्र में भी युवा खिलाड़ी की तरह फुर्तीले हैं। कभी हॉटस्पॉट में फील्डिंग करने से नहीं कतराते। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में शशांक सिंह को ऐसे रनआउट किया, जिसे देखकर हर कोई उनकी तुलना सुपरमैन से कर रहा है। यह घटना मैच की दूसरी पारी के 14वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई। लॉकी फर्ग्यूसन की एक गेंद पर सैम करन ने शॉट खेला था। उन्होंने एक रन बड़ी आसानी से लिया और दूसरे रन के लिए शशांक सिंह को दौड़ने के लिए कहा। इसके बाद कोहली गेंद की ओर तेजी से बढ़े, उन्होंने गेंद को 30-यार्ड सर्कल के अंदर रोक लिया। फिर नॉन-स्ट्राइकर छोर के स्टंप्स पर निशाना लगाया। सीधे हिट से शशांक क्रीज से कुछ मिलीमीटर दूर रहे और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा।
हवा में रहते गेंद रोक ली
इस रन आउट खास चीज थी कोहली की स्पीड और एथलेटिकिज्म। उन्होंने 40-45 गज की दूरी तय कर गेंद को हवा में रहते हुए फेंका। साथ ही जिस एंगल से थ्रो का प्रयास किया, उस एंगल से सीधा विकेट पर गेंद फेंकना करीब-करीब असंभव था। नॉन-स्ट्राइकर छोर पर विराट स्टंप्स से करीब 180 डिग्री पर थे। इस कारण वह केवल एक स्टंप देख पा रहे होंगे, इसलिए उन्हें डायरेक्ट हिट करने के लिए पिन-प्वाइंट सटीकता की जरूरत थी और इतना कुछ होने के बावजूद विराट चूके नहीं। शशांक का विकेट पंजाब किंग्स के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि वह RCB के पाले से मैच छीनने का खतरा बन चुके थे। उन्होंने चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 19 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली।
GT के शाहरुख को भी किया था रन आउट
विराट ने इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले मैच में भी अपने बेहतरीन थ्रो से विकेट हासिल कर मैच जीतने की नींव रखी थी। उन्होंने गुजरात के सलामी बल्लेबाज शाहरुख खान को रन आउट कर गुजरात को बड़ा टारगेट सेट करने से रोका था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




