नई दिल्ली, रफ़्तार। आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले में लखनऊ टीम के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लखनऊ ने 166 रनों का टारगेट दिया था। टीम की ओर से आयुष बडोनी और निकोलस पूरन ने शानदार पारी खेली। इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड बना है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ केएल राहुल ने लखनऊ के लिए पहला छक्का मारा। फिर 8वें ओवर में क्रुणाल पांड्या ने दो छक्के जड़े दिए। इसके साथ इस आईपीएल सीजन में 1000 छक्के पूरे हो गए। आईपीएल के इतिहास में ऐसा तीसरी बार हुआ है, जब किसी एडिशन में 1000 से अधिक छक्के जड़े गए हैं। इससे पहले आईपीएल 2022 में 1062 छक्के लगाए गए थे। पिछले सीजन में 1124 छक्के मारे गए थे। गेंदों के लिहाज से यह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज 1000 छक्के हैं। इस आईपीएल में सिर्फ 13079 गेंदों पर हजार छक्के लगाए गए हैं। पिछले सीजन में 15390 गेंदों पर और आईपीएल 2022 में 16269 गेंदों पर छक्कों का यह आंकडृा पूरा हुआ था।
लखनऊ की शुरुआत खराब
हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। क्विंटन डिकॉक केवल दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर मार्कस स्टोइनिस भी तीन रनों के निजी स्कोर पर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। इससे लखनऊ की पारी लड़खड़ा गई। इसके बाद क्रुणाल पांड्या और केएल राहुल कुछ देर विकेट पर टिके। राहुल ने 29 रन और पांड्या ने 24 रन टीम के स्कोर में जोड़े। हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने क्रुणाल को रन आउट कर दिया।
आयुष बडोनी ने जड़ा अर्धशतक
आयुष बडोनी और निकोलस पूरन ने शानदार बल्लेबाजी की। इन प्लेयर की अच्छी बैटिंग के चलते लखनऊ सम्मानजनक स्कोर पर पहुंची थी। पूरन ने 48 रन और बडोनी ने 55 रन बनाए थे। सनराइजर्स के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 2 विकेट लिए। भुवी बहुत किफायती साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 12 रन दिए। पैट कमिंस ने 1 विकेट झटके। दोनों के अलावा कोई गेंदबाज विकेट नहीं ले पाया।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





