नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट टीम अंडर-19, एशिया कप 2024 के फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के हाथों 59 रन से हार गई, अभी इस दुख से भारतीय लोग बाहर ही नहीं निकल पा रहे थे कि कुछ ही घंटों में भारत ने महिला जूनियर एशिया कप 2024 में इस हार का बदला ले लिया और भारतीयों को क्रिकेट की हार से तुरंत ही उबार दिया। महिला जूनियर एशिया कप 2024 में भारतीय टीम ने अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। इस मैच में भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने शानदार जीत हासिल की और बांग्लादेश को एकतरफा हराया। भारतीय फार्वड बांग्लादेशी टीम के गोल पोस्ट में एक के बाद एक गोल किए जा रही थी। पूरे मैच में बांग्लादेश को सिर्फ एक बार ही भारत पर हावी होने का मौका मिला लेकिन उस एक मौके को छोड़कर देखा जाए तो बांग्लादेश की महिला टीम अंत तक मैच में समझ ही नहीं पा रही थी कि उसके साथ हो क्या रहा है।
भारत ने पहले ही क्वार्टर में 3-1 की बढ़त बनाने में सफलता हासिल कर ली थी। भारत के लिए पहला गोल दीपिका ने दागा। भारतीय टीम ने इस बढ़त को आखिरी तक बनाए रखा और हर मिनट के साथ ही फासला भी बढ़ता गया। भारत ने पहले और दूसरे के बाद तीसरे क्वार्टर में भी शानदार प्रदर्शन किया।भारत ने दूसरे क्वार्टर में दो गोल दागे थे।
आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने 5 गोल दागे
महिला जूनियर एशिया कप के पहले मैच में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। भारत की ओर से कनिका, दीपिका, मनीषा, ब्यूटी डुंग डुंग, मुमताज और उप-कप्तान साक्षी राणा ने गोल किये। पूरे मैच में बांग्लादेश की ओर से केवल 1 गोल हुआ जो ओरपिता पाल ने किया। उन्होंने यह एकमात्र गोल मैच के 12वें मिनट में किया था। दूसरी ओर, भारतीय टीम ने मैच के चारों क्वार्टर में गोल किए।इस मैच के पहले क्वार्टर में भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने कुल 3 गोल किए। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में उनकी ओर से दो गोल हुए। हाफ टाइम के बाद भी भारतीय टीम का दबदबा बरकरार रहा। तीसरे क्वार्टर में टीम इंडिया ने कुल 3 गोल किए। मैच के आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने हंगामा मचाया और 5 गोल दागे।
भारत के लिए मुमताज खान ने चार गोल किए
इस मैच में भारत के लिए मुमताज खान ने चार गोल किये। उन्होंने मैच के 27वें, 32वें, 53वें और 58वें मिनट में गोल किये. जबकि कनिका सिवाच और दीपिका ने गोल की हैट्रिक लगाई। कनिका ने 12वें, 51वें, 52वें मिनट में गोल किये। वहीं दीपिका ने 7वें, 20वें और 55वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की. इसके अलावा मनीषा, ब्यूटी डुंग डुंग और उपकप्तान साक्षी राणा ने 1-1 गोल किया। अब भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम अपना अगला मैच सोमवार को मलेशिया के खिलाफ खेलेगी। हॉकी टीम इंडिया यहां अपना खिताब बचाने के अलावा अगले साल चिली के सैंटियागो में होने वाले जूनियर वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने का प्रयास करेगी । एशिया कप के नियमानुसार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीम वर्ल्ड कप के लिए सीधे प्रवेश पा जाती हैं।




