नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी लेग स्पिनर पीयूष चावला ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने इस फैसले की जानकारी दी। चावला ने लिखा: “कृतज्ञता के साथ इस अध्याय को समाप्त कर रहा हूं। खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास ले रहा हूं। इस खूबसूरत सफर में साथ देने के लिए आप सभी का धन्यवाद।”
IPL 2025 में अनसोल्ड रहे थे, अब लिया बड़ा फैसला
36 वर्षीय पीयूष चावला ने IPL 2025 ऑक्शन में भी हिस्सा लिया था। उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपये था लेकिन किसी भी टीम ने उन्हें नहीं खरीदा। इससे पहले वे मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे और आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन भी किया था। लेकिन इस बार अनसोल्ड रहने के बाद उन्होंने संन्यास लेने का मन बना लिया।
वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे चावला
पीयूष चावला भारत की 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं। हालांकि उन्होंने ज्यादा इंटरनेशनल मैच नहीं खेले, लेकिन जब भी मौका मिला, उन्होंने टीम इंडिया के लिए योगदान दिया।
अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
पीयूष ने साल 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. और 2012 में आखिरी बार भारतीय टीम के लिए खेले थे। इसके बाद उन्होंने 2007 में वनडे और 2010 में टी20 में डेब्यू किया। पीयूष ने अपने 6 साल के क्रिकेट करियर में 3 टेस्ट, 25 वनडे और 7 टी20 मैच खेले. इसमें उनके नाम क्रमश 7, 32 और 4 विकेट रहे।
भारतीय क्रिकेट को मिला एक यादगार स्पिनर
पीयूष चावला का नाम उन गिने-चुने खिलाड़ियों में आता है, जिन्होंने भारत के लिए दो विश्व कप विजयी टीमों का हिस्सा बनकर इतिहास रचा। भले ही इंटरनेशनल करियर लंबा ना रहा हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट और IPL में उन्होंने अपनी लेग स्पिन गेंदबाजी से हर किसी को प्रभावित किया।





