नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । आईपीएल 2025 फाइनल के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को एक बड़ा झटका लगा है। बेंगलुरु पुलिस ने क्रिकेटर विराट कोहली की एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। बेंगलुरु पुलिस ने विराट कोहली के पब-रेस्तरां के खिलाफ एक्शन लिया है। कोहली के One8 Commune पब और रेस्तरां में नो स्मोकिंग जोन नहीं होने की वजह से पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि, इस मामले पर क्रिकेटर या रेस्तरां की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पुलिस ने इसलिए की कार्रवाई
बेंगलुरु की कब्बन पार्क पुलिस ने स्पेशल कैपेंन के दौरान कुल 5 बार और रेस्तरां के खिलाफ एक्शन लिया है, जिसमें विराट कोहली का One8 Commune पब और रेस्तरां भी शामिल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि इस पब में नो स्मोकिंग जोन (No Smoking Zone) नहीं है, इसलिए सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।
नियम तोड़ने के आरोप में हुई कार्रवाई
विराट के पब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई ये कोई पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी ऐसी पुसिल उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई कर चुकी है। आपको याद होगा, बीते साल जुलाई में One8 Commune पब और रेस्तरां के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। जुलाई, 2024 में One8 Commune पब के मैनेजर पर बंद होने के समय के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में FIR दर्ज की गई।
पुलिस FIR के मुताबिक, कस्तूरबा रोड पर स्थित One8 कम्यून पब 6 जुलाई को बंद होने के समय के बाद 1:20 बजे खुला हुआ था और ग्राहकों को सर्विस दे रहा था। इसके चलते पब और रेस्तरां पर एक अभियान के दौरान कानूनी कार्रवाई की है।
दिल्ली, मुंबई और पुणे में भी रेस्तरां की ब्रांच
पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम को एक कंप्लेन मिली थी कि One8 कम्यून पब देर रात तक खुला हुआ है। जब पुलिस टीम रात 1:20 बजे मौके पर पहुंची तो पब उस वक्त भी ग्राहकों को सर्विस दे रहा था, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। विराट कोहली वन8 कम्यून के मालिक हैं। इसकी ब्रांचें दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, कोलकाता, गुरुग्राम जैसे शहरों में हैं। दिसंबर, 2023 में ही इस रेस्तरां को बेंगलुरु में खोला गया था।




