नई दिल्ली, रफ्तार। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में आज राजकोट में भारत ने टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। टीम ने इंग्लैंड को 434 रनों से हराया। भारत की ओर से इस मैच में गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारत ने इंग्लैंड को जीतने के लिए 557 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में इंग्लैंड टीम सिर्फ 122 रन बना सकी। भारत ने सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है। भारत की टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में रनों के मामले में यह सबसे बड़ी जीत है। भारत ने वेस्टइंडीज के एक बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
इससे पहले 2021 में भारत ने दर्ज की थी सबसे बड़ी जीत
इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 372 रनों से जीत दर्ज की थाी। उस वक्त टीम की यह सबसे बड़ी जीत थी। वहीं, ओवरऑल लेवल पर भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने के मामले में 8वें नंबर पर पहुंच चुकी है।
1976 में वेस्टइंडीज ने पाई थी उपलब्धि
इससे पहले टेस्ट में सबसे बड़ी जीत के मामले में वेस्टइंडीज आठवें नंबर पर थी। वेस्टइंडीज ने साल 1976 में इंग्लैंड के खिलाफ 425 रनों से मैच जीत कर यह उपलब्धि हासिल की थी। अब भारत ने वेस्टइंडीज के 48 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। बता दें टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। साल 1928 में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 675 रनों से मैच जीता था।
टेस्ट क्रिकेट में रनों के मामले में सबसे बड़ी जीत वाली टीमें:
1. इंग्लैंड- 675 रन
2. ऑस्ट्रेलिया- 562 रन
3. बांग्लादेश- 546 रन
4. ऑस्ट्रेलिया- 530 रन
5. साउथ अफ्रीका- 492 रन
6. ऑस्ट्रेलिया- 491 रन
7. श्रीलंका- 465 रन
8. भारत- 434 रन
9. वेस्टइंडीज- 425 रन
10. न्यूजीलैंड- 423 रन
टेस्ट क्रिकेट में रन मामले में भारत की सबसे बड़ी जीत:
1. साल 2024, बनाम इंग्लैंड, 434 रनों से
2.साल 2021, बनाम न्यूजीलैंड, 372 रनों से
3. साल 2015, बनाम साउथ अफ्रीका, 337 रनों से
4. साल 2016, बनाम न्यूजीलैंड, 321 रनों से
5. साल 2008, बनाम ऑस्ट्रेलिया, 320 रनों से
इस मैच में भारत की ओर से इन्होंने जड़े शतक
तीसरे टेस्ट मैच में भारत की तरफ से यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा ने बेहतरीन शतक जड़े। शुभमन गिल और सरफराज खान ने बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि इन दोनों ने शतक नहीं लगाया।
मार्क वुड ने पारी संभाली पर जीत नहीं दिला सके
भारत में ‘बैजबॉल’ अंदाज में क्रिकेट खेलने आई इंग्लैंड टीम की शुरुआत इस मैच में बेहद खराब रही। उन्होंने आज 50 रन पर 7 विकेट गंवा दिए। उम्मीद थी कि बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली टीम 100 रन के अंदर ढेर हो जाएगी, मगर अंत में मार्क वुड की 33 रनों की पारी की बदौलत इंग्लिश बैट्समैंन 100 का आंकड़ा पार करने में सफल रहे।





