नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और अमेरिका के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा। टीम इंडिया वार्म-अप मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद टूर्नामेंट की जीत के साथ शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
कितने बजे शुरू होगा मैच?
भारत बनाम अमेरिका का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम का यह टूर्नामेंट में पहला मैच है, इसलिए फैंस की नजरें इस पर टिकी हुई हैं।
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव?
भारत में इस मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, मोबाइल और लैपटॉप पर फैंस Jiohotstar ऐप और वेबसाइट के जरिए लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर रहेंगी नजरें
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। 2024 में भारत की टी20 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सूर्या अब कप्तान के तौर पर टीम को खिताब बचाने की चुनौती के साथ उतरेंगे। वार्म-अप मैच में उन्होंने तेज 30 रन बनाकर अपनी फॉर्म के संकेत दिए हैं। विश्व कप से पहले खेले गए वार्म-अप मैच में भारत ने 20 ओवर में 240 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 210 रन ही बना सकी। भारतीय बल्लेबाजी का आक्रामक अंदाज देखकर साफ है कि टीम बड़े स्कोर बनाने की रणनीति के साथ उतर रही है। टीम इंडिया का लक्ष्य विश्व कप 2026 में शानदार शुरुआत करना है। मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप और अनुभवी गेंदबाजों के दम पर भारत पहले मैच में जीत दर्ज कर अंक तालिका में बढ़त बनाना चाहेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम अमेरिका के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव/वरुण चक्रवर्ती।
अमेरिका: मोनांक पटेल (कप्तान/विकेटकीपर), एंड्रीज़ गौस, सैतेजा मुक्कमल्ला, शयान जहांगीर, मिलिंद कुमार, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, अली खान, नोस्थुश केनजिगे, सौरभ नेत्रावलकर।




