नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने 408 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज 2-0 अपने नाम कर ली। इस मैच के बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का गुस्सा सोशल मीडिया पर दिखा। गुवाहाटी टेस्ट में प्लेइंग 11 का हिस्सा रहे सिराज मैच के समाप्ति के बाद हैदराबाद लौट रहे थे, लेकिन एअर इंडिया की फ्लाइट लगातार लेट होने के कारण उन्होंने काफी नाराजगी जताई। उन्होंने अपनी फ्रस्ट्रेशन को एक्स पर पोस्ट कर साझा किया और लोगों को अपनी सलाह भी दी।
मोहम्मद सिराज फ्लाइट देरी से नाराज, ट्वीट कर यात्रियों को दी सलाह
मोहम्मद सिराज ने गुवाहाटी से हैदराबाद लौटने के लिए एअर इंडिया की फ्लाइट IX 2884 को चुना, जो शाम 7:25 बजे उड़ान भरने वाली थी। लेकिन फ्लाइट लगातार देरी का शिकार रही और चार घंटे बीत जाने के बाद भी कोई अपडेट नहीं मिला। मोहम्मद सिराज ने अपनी नाराजगी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और बार-बार संपर्क करने के बावजूद उड़ान में देरी जारी रही। उन्होंने इसे “काफी निराशाजनक” बताया और कहा कि यात्री जानना चाहते हैं कि इतनी लंबी देरी के बावजूद कोई अपडेट क्यों नहीं है। सिराज ने कहा कि “मैं सच में किसी को भी इस उड़ान से यात्रा करने की सलाह नहीं दूंगा, यदि वे कोई ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं तो।”
सिराज के ट्वीट के बाद आया एअर इंडिया का जवाब
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने गुवाहाटी से हैदराबाद जाने वाली अपनी फ्लाइट में लगातार देरी पर सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई। इसके बाद एअर इंडिया ने आधिकारिक प्रतिक्रिया दी और बताया कि फ्लाइट IX 2884 को ऑपरेशनल कारणों की वजह से कैंसिल कर दिया गया है। बता दें कि मोहम्मद सिराज आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ (30 नवंबर से) स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं।





