नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 6 अक्टूबर को भारत-बांग्लादेश टी20 सीरीज (Ind vs Ban 1st T20) का पहला मुकाबला होना है जिसे लेकर बवाल खड़ा होता हुआ नजर आ रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हिंदू महासभा ने 6 अक्टूबर को भारत-बांग्लादेश मैच के मौके पर ग्वालियर बंद का ऐलान किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ कंटेंट पर बैन लगा दिया है।
हिंदू महासभा ने किया है ये ऐलान
यह जग जाहिर है कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद अभी तक स्थिरता नहीं आ पाई है। वहां अल्पसंख्यक समुदाय पर अत्याचार किया जा रहा है। हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हिंदू महासभा ने 6 अक्टूबर को भारत-बांग्लादेश मैच के दौरान ग्वालियर बंद का आह्वान किया है। इस फैसले में उन्हें अन्य संगठनो का भी साथ मिला है जिसको देखते हुए जिलाधिकारी रुचिका चौहान के आदेशानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेज्ञता का आदेश जारी किया गया है। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान भी विरोध का ऐलान किया गया था जिसके चलते प्रशासन ने पूरी सख्ती बरती थी।
विरोध के चलते पहला टी20 रद्द हो जाएगा?
पहले टी20 के लिए भारतीय टीम का एक दल ग्वालियर पहुंच चुका है जिसे पूरी चाक चौबंद सुरक्षा के साथ होटल तक पहुंचाया गया। ऐसे में यह तो तय है कि मैच का आयोजन समय से होगा। हालांकि प्रशासन सुरक्षा में कोई भी कोताही नहीं बरताना चाहता, लिहाजा सुरक्षा में करीब 1600 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी महोदया ने कहा कि जो भी दर्शक भड़काऊ पोस्टर या आपत्तिजनक सामग्री के साथ पाया गया तो उसके साथ कानून सम्मत कार्यवाई की जाएगी।




