नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट टीम और मेजबान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीमों के बीच आज यानी 31 अक्टूबर को पांच मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मेलबर्न में खेला जा रहा है जिसमें टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 125 रन बनाए हैं। अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ने अलावा सभी बल्लेबाजों ने निराश किया।
सीरीज का पहला मुकाबला कैनबरा में बारिश के कारण अधूरा रह गया। भारतीय टीम ने सिर्फ 9.4 ओवर में 1 विकेट खोकर 97 रन बनाए थे, तभी जोरदार बारिश ने खेल रोक दिया और मैच को रद्द कर दिया गया। अब दोनों टीमों की नजरें दूसरे मैच पर टिकी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का टी20 रिकॉर्ड
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आंकड़ा भी काफी रोचक है। अब तक दोनों टीमों ने 33 टी20 मैच खेले हैं। इसमें भारत ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 11 बार जीतने में सफल रही। वहीं 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला, जिनमें पिछला मैच भी शामिल है।
ऑस्ट्रेलियाई धरती पर भारत का प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 मैचों का रिकॉर्ड भी भारत के पक्ष में रहा है। अब तक ऑस्ट्रेलिया में 13 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 7 बार जीत दर्ज की है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने अपने घर में केवल 4 मैचों में भारत को हराया। इसके अलावा 1 मैच बारिश के कारण रद्द रहा।
मेलबर्न में दूसरे टी20 मैच में कैसी है पिच
टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टी20 मैच आज मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जाएगा। यह मैदान दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित क्रिकेट स्टेडियमों में शुमार है। यहां की पिच बल्लेबाजों को मदद देगी, लेकिन तेज गेंदबाजों के लिए भी उछाल और गति का बड़ा फायदा रहेगा, जिससे मुकाबला रोमांचक होने की संभावना है।
मेलबर्न में सर्वाधिक स्कोर भारत के नाम दर्ज
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है। यहां 2022 में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 विकेट पर 186 रन बनाकर सर्वाधिक स्कोर दर्ज किया था। ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 125 रन है। अब तक 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में, पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 7 बार जीत दर्ज की है, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम 11 बार विजयी रही।
आज कैसा रहेगा मेलबर्न का मौसम
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टी20 मैच मेलबर्न में खेला जाएगा, लेकिन मौसम बड़ा सवाल बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां लगभग 45% संभावना बारिश की जताई गई है, जिससे मैच में खलल पड़ सकता है। उमस भी काफी होगी। आज मेलबर्न में अधिकतम तापमान 18°C और न्यूनतम तापमान 13°C तक रहने का अनुमान है।
भारत की टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उप-कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, कुलदीप यादव और हर्षित राणा।
ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जोश हेजलवुड (मैच 1–2), ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल (मैच 3–5), मिशेल ओवेन, जोश फिलिप, मैथ्यू शॉर्ट, एडम ज़म्पा, सीन एबॉट (मैच 1–3) और मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन (मैच 3–5), बेन ड्वारशुइस (मैच 4–5), नाथन एलिस और टिम डेविड।




