नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025-26 में टीम इंडिया का तीसरा मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुआ, जिसमें भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि मैच में साउथ अफ्रीका की टीम विजयी रही, उनकी एक खिलाड़ी के खिलाफ बड़ा एक्शन भी लिया गया है।
साउथ अफ्रीका की इस गेंदबाज ने भारतीय बल्लेबाज के सामने ऐसा व्यवहार किया जो आईसीसी के नियमों के खिलाफ था। इसके चलते उसे अब आईसीसी द्वारा सजा दी गई है।
इस अफ्रीकी गेंदबाज के खिलाफ ICC का एक्शन
साउथ अफ्रीका की युवा लेफ्ट-आर्म स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा को आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025-26 के मैच में आचार संहिता का उल्लंघन करने पर एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है।
यह घटना भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बेंगलुरु में खेले गए 10वें लीग मैच के दौरान हुई। म्लाबा ने भारतीय बल्लेबाज हरलीन देओल को आउट करने के बाद अलविदा कहते हुए हाथ हिलाया। आईसीसी ने इसे उकसाने वाला व्यवहार माना और म्लाबा को आधिकारिक चेतावनी दी।
घटना तब हुई जब म्लाबा ने हरलीन देओल को सटीक गेंदबाजी से आउट किया। विकेट गिरते ही म्लाबा ने बल्लेबाज की ओर इशारा करते हुए हाथ हिलाया, जो विदाई का संकेत था। आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के तहत इसे ‘विकेट गिरने पर बल्लेबाज को उकसाने वाली हरकत’ माना गया।
मैदानी अंपायर जैकुलाइन विलियम्स और किम कॉटन, थर्ड अंपायर कैंडेस ले बोर्डे और फोर्थ अंपायर सू रेडफर्न ने इस हरकत पर आपत्ति जताई। इसके बाद मैच रेफरी ट्रूडी एंडरसन ने जांच कर म्लाबा पर कार्रवाई की, जिसे म्लाबा ने स्वीकार कर लिया।
साउथ अफ्रीका ने रोमांचक मैच में मारी बाजी
महिला वर्ल्ड कप के इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी कर 251 रन का लक्ष्य रखा। साउथ अफ्रीका ने आखिरी ओवरों में शानदार रन चेज करते हुए मैच जीत लिया। यह साउथ अफ्रीका की तीसरे मैचों में दूसरी जीत रही।
इस मैच में म्लाबा ने 10 ओवर में 46 रन देकर दो विकेट लिए, जिसमें हरलीन देओल का विकेट भी शामिल था।





