नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली सरकार जल्द ही लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी आसान बनाने के लिए नई पहल शुरू करने जा रही है। इस पहल का नाम “Governance Through WhatsApp” रखा गया है। इसके तहत नागरिक सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से सरकारी सेवाओं और शिकायतों से जुड़ सकेंगे।
इस योजना के तहत लोग सिर्फ व्हाट्सएप मैसेज भेजकर जन्म प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान और कई अन्य सरकारी सेवाएं घर बैठे हासिल कर सकेंगे।
इस योजना से नागरिकों को किसी सरकारी दफ्तर में लाइन लगाने या अलग-अलग वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी। एक ही व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और लोग अपने आवेदन की स्थिति भी रीयल टाइम में देख सकेंगे।
व्हाट्सएप चैटबॉट पर सीधी सेवा
इस सुविधा के तहत दिल्ली सरकार एक विशेष व्हाट्सएप नंबर जारी करेगी। नागरिकों को बस इसे अपने फोन में सेव कर “Hi” लिखकर भेजना होगा। इसके बाद AI-पावर्ड चैटबॉट उनसे बात करेगा, सेवा चुनने में मदद करेगा, दस्तावेज अपलोड करने, ऑनलाइन भुगतान और आवेदन की स्थिति रीयल टाइम देखने की सुविधा भी देगा।
इस पहल के पहले चरण में जन्म, जाति और विवाह प्रमाण पत्र, प्रॉपर्टी टैक्स और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी सेवाएं शुरू होंगी। बाद में इसे ई-डिस्ट्रिक्ट और अन्य विभागीय पोर्टलों से जोड़कर करीब 50 सरकारी सेवाओं का लाभ सीधे व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराया जाएगा।यह पहल डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। इससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सरकारी सेवाएं तेजी व पारदर्शिता के साथ मिलेंगी।
सुरक्षा और प्राइवेसी का रखा गय पूरा ध्यान
सरकार ने इस पहल में सुरक्षा और प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा है। चैटबॉट में अपलोड किए गए सभी दस्तावेज एन्क्रिप्टेड रहेंगे। OCR और AI स्कैनिंग से दस्तावेज़ डिजिटल और मशीन-रीडेबल बनेंगे, जिससे वेरिफिकेशन तेज़ और आसान होगा। पेमेंट्स के लिए UPI, व्हाट्सएप पेमेंट्स, क्रेडिट/डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग के सुरक्षित विकल्प होंगे, और हर ट्रांजेक्शन की ऑटो रसीद जनरेट होगी।




