नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित हो चुकी हैं, जिसके बाद राजनीतिक दलों में सियासी हलचल तेज हो गई है। नेता जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। चुनाव आयोग ने भी निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
इस बीच, बिहार की विभूतिपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए गठबंधन के घटक दल LJPR (लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास) को बड़ा झटका लगा है। उनके संभावित उम्मीदवार राजीव रंजन को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विभूतिपुर विधानसभा सीट से लोजपा (रामविलास) के सिंबल पर चुनाव लड़ रहे राजीव रंजन को पश्चिम बंगाल के विधाननगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर रिटायर्ड जज से लगभग साढ़े 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड जज इंद्रजीत चटर्जी ने 7 सितंबर को राजीव रंजन के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई थी। इसके बाद पश्चिम बंगाल के विधाननगर थाने की पुलिस ने उन्हें सॉल्टलेक इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उधर सीवान से भी लोजपा-रामविलास के नेता अयूब खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। उनके घर छापेमारी में भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अयूब खान के घर से एक AK-47 राइफल, एक देशी कट्टा, एक दोनाली बंदूक, दो AK-47 लोडेड मैगजीन, AK-47 के 143 जिंदा कारतूस, एक कार्बाइन और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने सभी हथियार जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। अयूब खान फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




