नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के दसवें मुकाबले में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में नादिन डिक्लर्क की धमाकेदार बल्लेबाज़ी ने मैच का रुख पलट दिया। विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में बड़ी जीत दर्ज की।
साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 252 रन का टारगेट मिला था। हालांकि एक समय 57 रन पर 4 विकेट गंवाकर टीम संघर्ष कर रही थी, लेकिन साउथ अफ्रीका की नैया डिक्लर्क की नाबाद 84 रन (54 गेंद, 8 चौके, 5 छक्के) की तूफानी पारी ने पार लगाई। उन्होंने अकेले दम पर भारतीय गेंदबाजी की धार कुंद कर दी। भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट की पहली हार रही। इससे पहले टीम इंडिया ने श्रीलंका और पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। अब भारत अपना अगला मुकाबला 12 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से खेलेगा।
डिक्लर्क, वोलवार्ड और ट्रायोन ने बचाई साउथ अफ्रीका की नैया
81 रनों पर पांच विकेट गिरने के बाद कप्तान लौरा वोलवार्ड और क्लो ट्रायोन ने छठे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। वोलवार्ड ने 111 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 70 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद ट्रायोन और नादिन डिक्लर्क के बीच सातवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई, जिसने मुकाबले को रोमांचक मोड़ दिया। ट्रायोन ने 66 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 49 रन बनाए। आखिरी चार ओवरों में जब साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 41 रन चाहिए थे, तब डिक्लर्क ने मैच का पासा पलट दिया।
साउथ अफ्रीका की पारी में उतार-चढ़ाव
साउथ अफ्रीका ने 48.5 ओवर में 7 विकेट खोकर 252 रन बनाए। रन चेज की शुरुआत बेहद खराब रही, जब ताजमिन ब्रिट्स 2.2 ओवर में 6 के स्कोर पर आउट हो गईं। इसके बाद 5.2 ओवर में 18 रन पर सुने लुस का विकेट गिरा। 13.4 ओवर में मारिजाने कैप 57 रन पर आउट हुईं, और अगली ही ओवर में 58 पर एनेके बॉश भी पवेलियन लौट गईं। 19.4 ओवर में साउथ अफ्रीका ने अपना पांचवां विकेट गवांया जब सिनालो जाफ्टा 81 के स्कोर पर आउट हुईं। इसके बाद लौरा वोलवार्ड और क्लो ट्रायोन ने पारी को संभाला। हालांकि, 35.5 ओवर में 142 के स्कोर पर वोलवार्ड आउट हो गईं। फिर 45.5 ओवर में ट्रायोन भी 211 के स्कोर पर पवेलियन लौटीं। इसके बावजूद नादिन डिक्लर्क की शानदार पारी ने साउथ अफ्रीका को 7 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
ऋचा घोष की धाकड़ पारी के बावजूद भारत का स्कोर 251 रन पर सीमित
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 49.5 ओवर में 7 विकेट पर 251 रन बनाए। शुरुआत स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल ने सधी दी, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। स्मृति ने 23 और प्रतीका ने 37 रन बनाए, लेकिन दोनों बड़ा स्कोर नहीं कर पाईं। इसके बाद हरलीन देयोल (13), जेमिमा रोड्रिग्स (0), कप्तान हरमप्रीत कौर (9) और दीप्ति शर्मा (4) के विकेट गिरने से टीम को बड़ा झटका लगा।
102 रन पर छठा विकेट गिरने के बाद ऋचा घोष और अमनजोत कौर ने पारी संभाली और सातवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े। अमनजोत 13 रन बनाकर क्लो ट्रायोन की गेंद पर आउट हो गईं। उसके बाद ऋचा घोष और स्नेह राणा ने आठवें विकेट के लिए 88 रन की मजबूत साझेदारी निभाई। ऋचा ने 77 गेंदों में 11 चौके और 4 छक्के की मदद से 94 रन बनाए, जबकि स्नेह ने 24 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 33 रन जोड़े। साउथ अफ्रीका की ओर से क्लो ट्रायोन ने 3 विकेट लिए।
भारत का विकेट पतन
भारतीय टीम ने 49.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 251 रन बनाए। विकेट क्रमशः इस प्रकार गिरें: 10.2 ओवर में स्मृति मंधाना 55 रन पर आउट हुईं, 16.6 ओवर में हरलीन देयोल 83 रन पर पवेलियन लौटीं, 19.4 ओवर में प्रतीका रावल 91 रन पर विकेट गंवाईं, 20.4 ओवर में जेमिमा रोड्रिग्स 92 रन पर आउट हुईं, 24.2 ओवर में हरमनप्रीत कौर 100 रन पर आउट हुईं, 25.6 ओवर में दीप्ति शर्मा 102 रन पर पवेलियन लौटीं, 39.6 ओवर में अमनजोत कौर ने 153 रन पर विकेट खोया, 48.5 ओवर में स्नेह राणा 241 रन पर पवेलियन हुईं, 49.4 ओवर में ऋचा घोष 251 रन पर आउट हुईं और अंत में 49.5 ओवर में श्री चरणी ने आखिरी विकेट लिया।
इस मैच के लिए दोनों टीमों ने एक-एक बदलाव किया। भारत ने तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर की जगह ऑलराउंडर अमनजोत कौर को मौका दिया, जबकि साउथ अफ्रीका ने मसाबाता क्लास की जगह तुमी सेखुखुने को टीम में शामिल किया।




