नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। करवा चौथ का त्योहार सुहागिनों के लिए सिर्फ उपवास नहीं, पति की लंबी उम्र के लिए प्रेम और आस्था का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखती हैं और रात को चांद के दर्शन कर व्रत खोलती हैं। करवा चौथ आज 10 अक्टूबर को है। अगर आप इस बार त्योहार को थोड़ा हटकर मनाना चाहती हैं तो आपके लिए हम लाए हैं पांच ऐसी खूबसूरत जगहें, जहां चांद की चांदनी, दिलों की नजदीकियों को और भी खास बना देगी।
1. गोवा: समंदर की लहरों संग चांद का दीदार
अगर आप सुकून और समंदर की लहरों के बीच करवा चौथ मनाना चाहती हैं, तो गोवा से बेहतर कोई जगह नहीं। शांत बीच पर बैठकर चांद को निहारना, उसके साथ कैंडल लाइट डिनर और हल्की हवाओं की सरसराहट… यह नज़ारा जिंदगी भर के लिए याद बन जाएगा।
2. ताजमहल, आगरा: मोहब्बत की मिसाल के सामने व्रत खोलें
ताजमहल—प्यार की सबसे बड़ी पहचान। करवा चौथ के दिन जब इस संगमरमरी इमारत पर चांदनी बिखरती है, तो नज़ारा देखने लायक होता है। यमुना किनारे बैठकर जब आप अपने जीवनसाथी संग चांद का दीदार करेंगी, तो वो पल आपके रिश्ते में नई मिठास घोल देगा।
3. कच्छ का रण, गुजरात: चांदी सा चमकता रेगिस्तान
गुजरात का कच्छ का रण करवा चौथ के लिए एक बेहद अनोखी और शांत जगह है। सफेद नमक से ढका यह इलाका चांदनी रात में चांदी की तरह दमकता है। यहां का सन्नाटा और दूर-दूर तक फैली सफेदी व्रत खोलने को एक अलौकिक अनुभव में बदल देती है।
4. मनाली, हिमाचल: बर्फ की चादर में लिपटी मोहब्बत
अगर आप सर्दी और पहाड़ पसंद करती हैं, तो मनाली करवा चौथ पर आपके लिए बेस्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। यहां की ठंडी हवाएं, बर्फीली वादियां और खुला आसमान… इन सबके बीच जब चांद निकलेगा, तो दिल से निकलेगा सिर्फ एक ही जज़्बामोहब्बत।
5. लामायुरु, लद्दाख: मूनलैंड पर चांद की रौशनी
लामायुरु, जिसे लद्दाख का मूनलैंड कहा जाता है, अपने चट्टानी नज़ारों के लिए मशहूर है। यहां करवा चौथ की रात जब चांदनी इन पहाड़ियों को छूती है, तो सब कुछ किसी फिल्मी सीन जैसा लगता है। जोड़े यहां आकर एक अलहदा अनुभव लेते हैं, जो दिल में बस जाता है।
त्योहार को बनाएं यादगार
तो इस बार करवा चौथ को केवल परंपरा नहीं, प्यार और प्रकृति से भी जोड़िए। ये पांच डेस्टिनेशन आपको और आपके पार्टनर को न केवल चांद के करीब लाएंगे, बल्कि एक-दूसरे की भावनाओं को भी नई ऊंचाई देंगे।




