नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क/ भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने 19 जनवरी को अपनी शादी की खुशखबरी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की।” इस खबर के सामने आने के बाद फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा कि नीरज की पत्नी हिमानी मोर कौन हैं। आइए जानते हैं हिमानी मोर के बारे में।
कौन हैं हिमानी मोर?
नीरज चोपड़ा की पत्नी हिमानी मोर एक टेनिस खिलाड़ी रह चुकी हैं। हिमानी हरियाणा के सोनीपत जिले से ताल्लुक रखती हैं और वर्तमान में अमेरिका में पढ़ाई कर रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, हिमानी ने 2017 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वर्ल्ड यूनिवर्सिटी टेनिस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था।
खेल जगत से पुराना नाता
खेलों में हिमानी का गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने दिल्ली के मिरांडा हाउस से पॉलिटिकल साइंस और फिजिकल एजुकेशन में बैचलर डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा, वह अमेरिका की फ्रैंकलिन पियर्स यूनिवर्सिटी से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही हैं और वहीं असिस्टेंट कोच के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
गुपचुप तरीके से हुई शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीरज और हिमानी की शादी की तस्वीरें शेयर करने से दो दिन पहले ही शादी हो चुकी थी। हालांकि, शादी कहां हुई, इस बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। नीरज ने अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी रचाई।
फैंस में खुशी की लहर
नीरज चोपड़ा के शादी की खबर सामने आते ही फैंस ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स ने शुभकामनाओं की बौछार कर दी। नीरज की यह नई शुरुआत उनके खेल करियर के साथ-साथ निजी जीवन में भी एक अहम मोड़ साबित होगी। फिलहाल, नीरज चोपड़ा अपने आगामी टूर्नामेंट्स की तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं हिमानी अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं। फैंस को उम्मीद है कि यह कपल आगे भी अपनी-अपनी फील्ड में शानदार प्रदर्शन करेगा।





