नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा विवाद माने जाने वाले हरभजन सिंह और एस. श्रीसंत थप्पड़ कांड का वीडियो अब सामने आ गया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पहले सीजन यानी साल 2008 की यह घटना अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस वीडियो को IPL के फाउंडर और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने साझा किया है।
क्या हुआ था मैदान पर?
वीडियो में साफ दिख रहा है कि मैच खत्म होने के बाद हैंडशेक के दौरान हरभजन सिंह ने श्रीसंत को बैक हैंड स्लैप मारा। इसके बाद श्रीसंत हैरान रह गए और जवाब देने के लिए भज्जी की ओर बढ़े। उसी वक्त इरफान पठान और महेला जयवर्धने ने बीच-बचाव कर हालात को बिगड़ने से रोका।
17 साल बाद भी पछता रहे हैं हरभजन
इस विवाद पर कई बार हरभजन सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब शो में कहा था कि अगर मुझे अपनी जिंदगी से एक घटना मिटानी हो, तो वो यही है। जो हुआ, गलत हुआ। मैंने करीब 200 बार माफी मांगी है और आज भी मुझे इसका अफसोस है।
श्रीसंत की बेटी तक पहुंचा असर
हरभजन ने एक इंटरव्यू में बताया कि सालों बाद जब वह श्रीसंत की बेटी से मिले, तो उसने उनसे बात करने से इनकार कर दिया। उसने कहा,आपने मेरे पापा को मारा था। भज्जी ने बताया कि उस पल वे पूरी तरह टूट गए और उन्होंने बच्ची से भी माफी मांगी।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
17 साल बाद जब यह वीडियो सामने आया, तो क्रिकेट फैंस दंग रह गए। कई लोगों ने कहा कि आखिरकार अब साफ दिख गया कि उस दिन मैदान पर क्या हुआ था। वहीं, कुछ फैंस ने इस घटना को ‘IPL इतिहास का सबसे काला पल’ बताया।
हरभजन बोले: गुस्से पर काबू रखना जरूरी
भज्जी ने स्वीकार किया कि उस वक्त श्रीसंत ने उन्हें उकसाया था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हिंसा जायज हो। उन्होंने कहा, “मैदान पर प्रतिस्पर्धा ठीक है, लेकिन खिलाड़ियों को संयम रखना चाहिए। उस दिन मैं फेल हो गया। इस घटना के 17 साल बाद भी वीडियो का सामने आना दिखाता है कि क्रिकेट के मैदान पर हुई गलतियां हमेशा याद रहती हैं।





