नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आईपीएल 2008 के दौरान हुए थप्पड़ कांड का वीडियो हाल ही में सामने आने के बाद एक बार फिर से यह पुराना विवाद सुर्खियों में आ गया है। इस वीडियो में हरभजन सिंह को एस श्रीसंत को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो पिछले 17 सालों से सार्वजनिक नहीं था, लेकिन अब इसे तत्कालीन आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वायरल कर दिया है। वीडियो लीक होने पर हरभजन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सवाल उठाया है कि “जिस बात को लोग भूल चुके थे, उसे अब फिर से सामने लाने की क्या जरूरत थी?”
हरभजन ने इशारों में कहा कि शायद इसके पीछे किसी का निजी स्वार्थ हो सकता है। गणेश चतुर्थी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान मीडिया ने जब उनसे इस वीडियो को लेकर सवाल किया, तो हरभजन ने साफ कहा, “अब जब लोग भूल चुके थे, तो फिर से उन्हें उसकी याद क्यों दिलाई जा रही है? ये ठीक नहीं है।” गौरतलब है कि हरभजन सिंह ने हाल ही में आर अश्विन के पॉडकास्ट में उस घटना पर माफी मांगी थी।
“वीडियो लीक करना गलत, ऐसा नहीं होना चाहिए था”- हरभजन सिंह
इंस्टेंट बॉलीवुड द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में हरभजन कहते दिख रहे हैं कि “जिस तरह से यह वीडियो लीक किया गया, वो गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। इसके पीछे कुछ स्वार्थपूर्ण उद्देश्य जरूर रहा होगा। 18 साल पहले जो हुआ, उसे लोग भूल चुके थे, अब उन्हें जबरन उसकी याद दिलाई जा रही है।” हरभजन ने यह भी माना कि उस घटना को लेकर आज भी उन्हें अफसोस है। उन्होंने कहा, “जो कुछ हुआ, उसके लिए मुझे बुरा लगता है। हम खेल रहे थे और मैदान पर हर खिलाड़ी के मन में बहुत कुछ चलता रहता है। गलतियां हो जाती हैं और हम उन्हें लेकर शर्मिंदा भी महसूस करते हैं।”
“मैंने गलती मानी है, भगवान से भी माफी मांगी है”
थप्पड़ विवाद को लेकर हरभजन सिंह ने खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और स्वीकार किया कि वह उनकी व्यक्तिगत गलती थी। हरभजन ने कहा, “वह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी और मैं कई मौकों पर कह चुका हूं कि मुझसे गलती हुई थी। इंसान गलतियां करता है, मैंने भी की।” उन्होंने आगे कहा कि “मैंने भगवान गणेश से प्रार्थना की है कि अगर भविष्य में मुझसे कोई गलती हो तो वो मुझे क्षमा करें। गलतियां होती हैं।”
अश्विन के पॉडकास्ट में हरभजन ने मांगी माफी
हरभजन सिंह ने हाल ही में रविचंद्रन अश्विन के साथ एक पॉडकास्ट में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने थप्पड़ कांड को लेकर खुले तौर पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें उस घटना का अफसोस है और उन्होंने इसे अपनी सबसे बड़ी गलतियों में से एक माना है। बातचीत के दौरान हरभजन ने यह भी बताया कि अब उनके और श्रीसंत के बीच बेहद अच्छे संबंध हैं और दोनों उस पुराने विवाद को पीछे छोड़ चुके हैं।
ललित मोदी ने किया थप्पड़ कांड का वीडियो सार्वजनिक
ललित मोदी ने हाल ही में आईपीएल 2008 के दौरान हुए विवादित थप्पड़ कांड का वीडियो सार्वजनिक किया। ललित मोदी ने यह वीडियो पिछले हफ्ते माइकल क्लार्क के पॉडकास्ट ‘Beyond 23’ में जारी किया। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
आखिर क्या था यह विवाद ?
साल 2008 में हुए आईपीएल के पहले सीजन में एक ऐसा विवाद हुआ था, जिसे भारतीय क्रिकेट के सबसे विवादास्पद क्षणों में गिना जाता है। मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के बीच मुकाबले के बाद हरभजन सिंह ने एस श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। यह घटना उस वक्त हुई जब मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे। उसी दौरान, हरभजन सिंह ने उल्टे हाथ से श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद श्रीसंत भी भड़क उठे और गुस्से में हरभजन की ओर बढ़े। स्थिति हाथापाई तक पहुंचने वाली थी, लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बीच में आकर मामला संभाल लिया।
घटना के तत्काल बाद श्रीसंत की आंखों में आंसू थे, और उन्हें इरफान पठान, महेला जयवर्धने जैसे साथी खिलाड़ी सांत्वना देते नजर आए। उस समय केवल श्रीसंत के रोने की फुटेज सामने आई थी, लेकिन थप्पड़ मारने का वीडियो कभी सार्वजनिक नहीं हुआ था। अब 17 साल बाद, पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने यह वीडियो माइकल क्लार्क के पॉडकास्ट ‘बियॉन्ड 23’ के दौरान सार्वजनिक कर दिया है





