नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। शिखर धवन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को भले ही अलविदा कह दिया हो, लेकिन उनके भारतीय क्रिकेट में दिए गए योगदान को क्रिकेट प्रशंसक शायद ही भुला पाएं। शिखर धवन की जब-जब बात होगी, उस समय न तो उनके मजाकिया स्वभाव को भुलाया जाएगा और न ही उनके अटूट रिकॉर्डस को। क्रिकेट का गब्बर कैसे मिस्टर ICC बन गया यह कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम दर्ज रिकार्ड को तोड़ना आसान नहीं होगा।
गब्बर नाम कैसे पड़ा?
शिखर रणजी ट्रॉफी के दौरान सिली पॉइंट पर फिल्डिंग करते हुए शोले फिल्म के कई डायलॉग बोला करते थे, उन डायलॉग में शामिल था- ‘बहुत याराना लगता है।’ उनके इसी रवैये को देखते हुए कोच विजय दहिया ने धवन को गब्बर उपनाम दिया था। इस बात की पुष्टी एक इंटरव्यू के दौरान शिखर धवन ने खुद की थी।
शिखर के उल्लेखनीय रिकार्ड
शिखर ने 14 मार्च 2013 को अपने पहले टेस्ट के दौरान 85 गेंदो में शतक जड़कर डेब्यू में सबसे तेज शतक लगाने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया था। दूसरी ओर, भारत के लिए वनडे क्रिकेट के इतिहास में 2000 और 3000 रन के आंकडे़ को छूने वाले धवन सबसे तेज बल्लेबाज हैं। धवन ने 100 वनडे मैचों के बेंचमार्क को पार करके अपने 100वें मुकाबले में शतक लगाया था, ऐसा कारनामा करने वाले शिखर इकलौते बल्लेबाज हैं। धवन ने ICC Champions Trophy में 2 बार लगातार गोल्डन बैट अपने नाम किया है जिसके बाद उन्हें मिस्टर आईसीसी के तमगे से नवाजा गया था।
निजी जिंदगी में रही है उथल पुथल
शिखर धवन और आयशा मुखर्जी ने 2009 में सगाई की थी जबकि 2012 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए थे। 2014 में आयशा ने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि दोने का रिश्ता ज्यादा नहीं चला और 2021 में दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए।





